Advertisement

विश्वविद्यालय में अराजकता व भ्रष्टाचार के खिलाफ एआईडीएसओ की बैठक, 27 को निकलेगा आक्रोश मार्च

-विश्वविद्यालय में अराजकता व भ्रष्टाचार के खिलाफ एआईडीएसओ की बैठक, 27 को निकलेगा आक्रोश मार्च

मुजफ्फरपुर।दीपक कुमार तिवारी।

ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) की एक महत्वपूर्ण बैठक विश्वविद्यालय गेस्ट हाउस में आयोजित की गई। बैठक में पीएचडी प्रश्नपत्र लीक, छात्रों के साथ विश्वविद्यालय अधिकारियों-कर्मचारियों की बदसलूकी, प्रमाणपत्र जारी करने में भ्रष्टाचार, मनमानी फीस वसूली, सत्र अनियमितता और परिणाम में गड़बड़ियों जैसे गंभीर मुद्दों पर गहन चर्चा हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए एआईडीएसओ के बिहार राज्य अध्यक्ष विजय कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालय में अराजकता चरम पर है। पीएचडी प्रश्नपत्र लीक के दोषियों पर कार्रवाई नहीं होना, परीक्षा व प्रमाणपत्र जैसे बुनियादी अधिकारों के लिए छात्रों का भटकना और अधिकारियों द्वारा बदसलूकी चिंताजनक स्थिति को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह सब केंद्र और राज्य सरकार की योजनाबद्ध शिक्षा विरोधी नीतियों का नतीजा है।

विजय कुमार ने छात्रों से अपील की कि वे आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से तेज करें। संगठन के बिहार विश्वविद्यालय प्रभारी शिव कुमार ने बताया कि शहीद-ए-आज़म भगत सिंह की जयंती की पूर्व संध्या पर 27 सितंबर को विश्वविद्यालय में अराजकता और भ्रष्टाचार के खिलाफ आक्रोश मार्च निकाला जाएगा। साथ ही हजारों छात्रों के हस्ताक्षर इकट्ठा कर कुलाधिपति सह राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा जाएगा।

बैठक में विजय कुमार, शिव कुमार, ललित कुमार झा, रूपा कुमारी, अभिषेक कुमार, अली अख्तर, साहू प्रदीप और श्याम भरोश कुमार सहित कई पदाधिकारी और छात्र उपस्थित रहे।