-पूर्व मंत्री ने किया अम्बेडकर जी की प्रतिमा का अनावरण
मोतिहारी, राजन द्विवेदी।
जिले के पताही प्रखंड के बाराशंकर गांव में रविवार को मंत्री शिवचंद्र राम द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का अनावरण किया गया। उक्त अवसर पर उनके अलावा चिरैया के पूर्व राजद प्रत्याशी अच्छेलाल प्रसाद यादव, गोढ़वा मुखिया राजू बैठा एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। बता दें कि बराशंकर निवासी पूर्व शिक्षक राम भजन राम के प्रथम पुण्यतिथि पर उनके पैतृक आवास पर डॉ भीमराव की प्रतिमा स्थापित की गई थी। जिसका अनावरण पूर्व मंत्री ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने सर्व प्रथम डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद प्रखंड अध्यक्ष अशोक सिंह चौहान ने किया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए पूर्व मंत्री शिवचंद्र राम ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के बताए मार्ग पर चलें इससे हम सब का विकास होगा। इस दौरान पूर्व मंत्री ने वर्तमान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में शराब बंदी पूरी तरह से फेल है। शराब तस्कर दिन रात शराब की होम डिलीवरी कर रहे हैं। और इसके आड़ में तस्कर पैसे वाले बन गए। वही पूर्व प्रत्याशी अच्छेलाल प्रसाद यादव ने स्व राम भजन राम को याद करते हुए कहा कि शिक्षकों का योगदान समाज के लिए अमूल्य है और उनके कार्यों को याद रखना हम सबकी जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में उपस्थित गोढ़वा मुखिया राजू बैठा ने डॉ. अंबेडकर के विचारों को याद करते हुए कहा कि वे सामाजिक न्याय और शिक्षा के माध्यम से समाज के उत्थान के लिए आजीवन संघर्षरत रहे। उनकी प्रतिमा की स्थापना समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।












