Advertisement

प्यार में धोखा: 2 साल लिव-इन में रही दिल्ली की लड़की, प्रेमी ने शादी से किया इनकार

-प्यार में धोखा: 2 साल लिव-इन में रही दिल्ली की लड़की, प्रेमी ने शादी से किया इनकार

-प्रेमी के घर बिहार पहुंची, पर परिवार वालों ने भी रखने से मना किया
-अब थाने में इंसाफ की गुहार

बोचहां।संवाददाता।

दिल्ली में एक साथ काम करते हुए प्यार हुआ। लिव-इन में रहने के बाद जब शादी की बात आई, तो प्रेमी ने धोखा दे दिया। एक लड़की ने अपने प्यार के लिए घर-परिवार छोड़ा, लेकिन अब वह न घर की रही न घाट की। दिल्ली की रहने वाली एक युवती पिछले दो साल से अपने प्रेमी के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में थी। अब जब उसने शादी के लिए कहा, तो युवक ने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद युवती दिल्ली से सीधे प्रेमी के घर आदिगोपालपुर (बोचहां) पहुंची, लेकिन यहां उसके परिवार वालों ने भी उसे रखने से मना कर दिया।
करीब 5 साल पहले 2020 में दिल्ली में दोनों की मुलाकात हुई। चूंकि दोनों एक ही शहर में काम करते थे, इसलिए उनकी नजदीकियां बढ़ीं। बातचीत दोस्ती में बदली और फिर दोनों को प्यार हो गया। प्यार इस कदर परवान चढ़ा कि 2023 में युवती अपने परिवार को छोड़कर युवक के साथ दिल्ली में ही रहने लगी। करीब दो साल तक दोनों ने पति-पत्नी की तरह एक साथ जिंदगी बिताई।


कुछ दिन पहले जब युवती ने शादी के लिए जोर डाला, तो युवक ने सीधे तौर पर मना कर दिया। युवती के लाख समझाने पर भी वह नहीं माना। युवक के इस धोखे ने युवती को पूरी तरह तोड़ दिया। अपने प्यार को बचाने और इंसाफ की गुहार लगाने के लिए युवती दिल्ली से सीधे प्रेमी के गांव आदिगोपालपुर पहुंची। वहां उसने युवक के माता-पिता से बात की, लेकिन उन्होंने भी उसे रखने से इनकार कर दिया।
थक-हार कर युवती ने बोचहां थाना पहुंचकर पूरी घटना की लिखित शिकात की है।

युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर लिव-इन में रहने का आरोप लगाया है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है ताकि आपसी सहमति से कोई हल निकल सके। – राकेश कुमार यादव, थाना अध्यक्ष, बोचहां,