-बोचहां में दिनदहाड़े घर में घुसकर मां को पीटा, बेटी का अपहरण
-आदिगोपपुर गांव में 32 हजार नकद और गहने लूटे -किशोरी का अपहरण
-पुलिस में शिकायत
बोचहां।संवाददाता।
बोचहां थाना क्षेत्र के आदिगोपपुर गांव में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई। दोपहर करीब 1:30 बजे दो बदमाशों ने एक घर में घुसकर मां पर जानलेवा हमला किया, महिला को बेरहमी से पीटकर बेहोश कर दिया और फिर 32 हजार रुपये नकद व आभूषण लूटकर 17 वर्षीय किशोरी का अपहरण कर लिया। इस मामले में पीड़िता की मां ने पुलिस को लिखित शिकायत दी है।
पीड़ित महिला नीतू देवी ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि गांव के ही सतीश कुमार और धीरज कुमार ने उनके घर में जबरन प्रवेश किया। दोनों ने उन पर हमला कर दिया। हमलावरों ने इतनी क्रूरता से पीटा कि वह बेहोश हो गईं। इसी दौरान, बदमाशों ने घर में रखी पेटी से 32 हजार रुपये और सारे जेवरात लूट लिए।

पीड़िता ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि पैसे और गहने लूटने के बाद आरोपी उनकी बेटी को ‘हत्या करने की नीयत से’ अगवा कर ले गए। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग दहशत में हैं।
थाना अध्यक्ष राकेश कुमार यादव ने बताया कि पीड़िता नीतू देवी से लिखित शिकायत मिली है। पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत जांच में जुट गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है और किशोरी को सुरक्षित बरामद करने के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।












