-पिस्तौल की नोक पर लूटी गई बाइक 24 घंटे में बरामद, लुटेरा फरार
मुजफ्फरपुर।संवाददाता।
बोचहाँ थाना क्षेत्र में रविवार को हुई बाइक लूट की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। अपराधियों ने दिनदहाड़े मुजफ्फरपुर-दरभंगा फोरलेन एनएच-57 पर एक युवक से पिस्तौल सटाकर बाइक और नकदी लूट ली। हालांकि पुलिस की तत्परता से लूटी गई बाइक 24 घंटे के भीतर बरामद कर ली गई, मगर लुटेरा फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, कटरा थाना क्षेत्र के बाराडीह गाँव निवासी प्रवीण कुमार अपनी बाइक से मुजफ्फरपुर जा रहे थे। भुसाही चौक के पास बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और पिस्तौल दिखाकर उनकी बाइक व करीब 2000 रुपये नकद छीन लिए। पीड़ित ने तत्काल बोचहाँ थाने में घटना की शिकायत दर्ज कराई।

सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राकेश कुमार यादव ने टीम गठित कर आसपास के क्षेत्रों में छानबीन शुरू की। पुलिस दबिश के दौरान सोमवार को मैदापुर से लूटी गई बाइक बरामद कर ली गई। पुलिस को देखते ही लुटेरा मौके से फरार हो गया और बाइक छोड़ गया।
थानाध्यक्ष ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अपराधी की पहचान की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।












