Advertisement

वकीलों के हमले के विरोध में पत्रकारों का धरना, कार्रवाई की मांग तेज

-वकीलों के हमले के विरोध में पत्रकारों का धरना, कार्रवाई की मांग तेज

जनकपुरधाम।
वकीलों द्वारा पत्रकारों पर किए गए हमले के विरोध में रविवार को नेपाल पत्रकार महासंघ धनुषा की अगुवाई में पत्रकारों ने जिला मुख्यालय के समक्ष धरना दिया। महासंघ के अध्यक्ष पूरन गुप्ता के नेतृत्व में दर्जनों पत्रकारों ने दोषी वकीलों पर अविलंब कार्रवाई की मांग की।

मामला पांच दिन पूर्व का है, जब मधेश प्रदेश पत्रकार महासंघ ने गुठी संस्थान से स्वर्ग द्वारी गंगासागर के निकट चार कट्ठा जमीन 20 वर्षों के लीज पर लिया। यह जमीन वकीलों के कार्यालय के बगल में खाली पड़ी थी, जिसे वकील पार्किंग के लिए जबरन इस्तेमाल कर रहे थे।

जब पत्रकार उक्त जमीन का निरीक्षण करने पहुंचे तो वकीलों और पत्रकारों के बीच कहासुनी हो गई। इसी दौरान वकीलों ने हमला कर दिया, जिसमें महासंघ के महासचिव शैलेन्द्र क्रांति समेत पांच पत्रकार घायल हो गए।

घटना के बाद पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली को ज्ञापन भी सौंपा था। लेकिन पांच दिन बीत जाने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होने से पत्रकारों में आक्रोश है। इसी आक्रोश के चलते पत्रकार रविवार को धरना देने को बाध्य हुए और दोषी वकीलों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।