Advertisement

लहेरियासराय स्टेशन पर हावड़ा–रक्सौल एक्सप्रेस के ठहराव का सांसद गोपाल जी ठाकुर ने किया शुभारंभ

-लहेरियासराय स्टेशन पर हावड़ा–रक्सौल एक्सप्रेस के ठहराव का सांसद गोपाल जी ठाकुर ने किया शुभारंभ

दरभंगा।
लहेरियासराय स्टेशन पर शनिवार को 13043 (हावड़ा–रक्सौल) एक्सप्रेस ट्रेन के ठहराव की औपचारिक शुरुआत की गई। दरभंगा के सांसद श्री गोपाल जी ठाकुर ने हरी झंडी दिखाकर इस सुविधा का शुभारंभ किया। इस मौके पर समस्तीपुर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक आलोक कुमार झा, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में रेल उपभोक्ता उपस्थित रहे।

यात्रियों को होगा बड़ा लाभ:

इस गाड़ी के लहेरियासराय स्टेशन पर ठहरने से स्थानीय यात्रियों को हावड़ा, रक्सौल एवं मध्यवर्ती बड़े शहरों तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। छात्र-छात्राओं को कोलकाता और अन्य शैक्षणिक केंद्रों तक पहुँचने में सहूलियत होगी। वहीं कारोबारियों और व्यापारियों के लिए यह ठहराव बेहद उपयोगी साबित होगा, क्योंकि अब उन्हें हावड़ा तक सीधी यात्रा की सुविधा मिलेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह ठहराव क्षेत्र के पर्यटन और तीर्थयात्रा के दृष्टिकोण से भी लाभकारी होगा। लंबे समय से चली आ रही यात्रियों की मांग पूरी होने पर स्थानीय लोगों में खुशी और संतोष का माहौल है।

सांसद और अधिकारियों ने जताया संतोष:

सांसद गोपाल जी ठाकुर ने कहा कि यह ठहराव जनता की सुविधा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है और इससे हजारों यात्रियों को लाभ मिलेगा। वहीं अपर मंडल रेल प्रबंधक आलोक कुमार झा ने कहा कि समस्तीपुर मंडल यात्रियों की सुविधाओं में निरंतर सुधार के लिए संकल्पित है और भविष्य में भी रेलवे द्वारा इसी प्रकार की सकारात्मक पहलें जारी रहेंगी।