-रक्षा बंधन व ‘बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस’ पर मुख्यमंत्री ने बांधा रक्षा सूत्र, किया वृक्षारोपण
पटना।दीपक कुमार तिवारी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रक्षा बंधन और ‘बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस’ के पावन अवसर पर शनिवार को राजधानी वाटिका में वृक्ष को रक्षा सूत्र बांधा और पौधा रोपित किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन के खतरे को कम करने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाएं और उनकी देखभाल करें।
गौरतलब है कि 13 अगस्त 2012 को मुख्यमंत्री ने रक्षा बंधन के दिन ही “बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस” की शुरुआत की थी, जिसका उद्देश्य है पौधों के संरक्षण और वृक्षारोपण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना। जल-जीवन-हरियाली सहित राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जा रहा है और इको-टूरिज्म को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. सुनील कुमार, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. एस. सिद्धार्थ, अपर मुख्य सचिव हरजोत कौर, पटना प्रमंडल आयुक्त डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम., वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा, प्रधान मुख्य वन संरक्षक प्रभात कुमार गुप्ता समेत कई वरीय अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद थे।












