Advertisement

राजस्व महाअभियान की तैयारी को लेकर राजापाकर प्रखंड में बैठक

-राजस्व महाअभियान की तैयारी को लेकर राजापाकर प्रखंड में बैठक

राजापाकर (संजय श्रीवास्तव)।

राजस्व महाअभियान की सफल तैयारी और संचालन को लेकर शनिवार को प्रखंड कार्यालय के सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रखंड के सभी राजस्व कर्मचारी, अंचल अमीन, विशेष सर्वेक्षण अमीन, कृषि समन्वयक, आवास सहायक, विकास मित्र, पंचायत रोजगार सेवक एवं अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक की अध्यक्षता अंचलाधिकारी गौरव कुमार ने की। उन्होंने बताया कि 16 अगस्त से 20 सितंबर तक चलने वाले इस महाअभियान के दौरान हर घर तक जमाबंदी की प्रति और आवेदन फॉर्म पहुंचाया जाएगा। यदि फॉर्म में कोई त्रुटि पाई जाती है, तो आवेदक उसमें सही विवरण भरकर संबंधित हल्का में लगने वाले राजस्व विभाग के शिविर में जमा करेंगे।

अंचलाधिकारी ने जानकारी दी कि राजापाकर अंचल में कुल 65 हजार जमाबंदी नंबर हैं, जिन्हें सुधारना है। महाअभियान के दौरान चार मुख्य कार्य किए जाएंगे —

1. जमाबंदी सुधार का ऑनलाइन कार्य

2. छूटे हुए जमाबंदी को दर्ज करना

3. उत्तराधिकार का दाखिल-खारिज

4. बंटवारे का दाखिल-खारिज

 

उन्होंने बताया कि प्रपत्र वितरण के बाद शिविर की तिथि घोषित होगी। प्रत्येक हल्का के लिए राजस्व कर्मचारियों और पंचायत कर्मियों की टीम गठित की जाएगी, जो आवेदन लेने और प्रक्रिया में सहयोग करेगी।

अंचलाधिकारी ने यह भी कहा कि 11 अगस्त को प्रखंड के सभी जनप्रतिनिधियों के साथ एक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें प्रचार-प्रसार और अभियान की तैयारी पर चर्चा होगी।

बैठक में राजस्व कर्मचारी अमित कुमार, मुनाजिर हुसैन, दिलीप कुमार, राकेश कुमार, बच्चा सिंह समेत सभी पंचायत कर्मी उपस्थित रहे।