Advertisement

सड़क पर जलजमाव के खिलाफ राजापाकर में ग्रामीणों का अनोखा विरोध, कीचड़ में बोया धान

-सड़क पर जलजमाव के खिलाफ राजापाकर में ग्रामीणों का अनोखा विरोध, कीचड़ में बोया धान

✍🏻 राजापाकर/संजय श्रीवास्तव।

राजापाकर प्रखंड अंतर्गत उत्तरी पंचायत के वार्ड संख्या 2 और 3 के बीच स्थित काली स्थान के समीप ग्रामीणों ने सड़क पर हुए जल जमाव के खिलाफ अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। स्थानीय ग्रामीणों, पुरुषों और महिलाओं ने सड़क पर भरे पानी और कीचड़ में धान की रोपनी कर प्रशासन के प्रति नाराजगी जताई।

प्रदर्शनकारी ग्रामीणों का कहना है कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब तीन वर्ष पूर्व यह सड़क बनाई गई थी, लेकिन जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण हल्की बारिश में भी यहां जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। खासकर बारिश के दिनों में यह समस्या भयावह रूप ले लेती है।

वार्ड सदस्य प्रमोद कुमार ने बताया कि यह राजापाकर-महुआ मुख्य मार्ग है, जिस पर दिनभर भारी आवाजाही होती है। जल जमाव से सड़क पर गड्ढे बन गए हैं, जिससे दोपहिया वाहन चालकों एवं राहगीरों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता है। पिछले 4-5 दिनों में कई लोग कीचड़ में गिर चुके हैं, जिसमें दो महिलाओं और दो पुरुषों के हाथ-पैर टूटने की जानकारी भी सामने आई है।

उन्होंने बताया कि आज एक दर्दनाक हादसा होते-होते टल गया, जब एक व्यक्ति अपनी पत्नी और छह माह के बच्चे के साथ बाइक से निकल रहा था, तभी संतुलन बिगड़ने के कारण वे सभी पानी भरे गड्ढे में गिर पड़े और उन्हें चोटें आईं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि इस गंभीर समस्या को लेकर विधायक प्रतिमा कुमारी को फोन पर अवगत भी कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर उतरकर धान रोपकर विरोध जताया और जल निकासी की तत्काल व्यवस्था करने की मांग की।

प्रदर्शन में शामिल प्रमुख ग्रामीण:

प्रमोद कुमार (वार्ड सदस्य), पन्नू सिंह, महेश पंडित, परमेश्वरी देवी, मंजू देवी, दिलीप सिंह, गंगा पंडित, उमेश शर्मा, राजकुमार ठाकुर समेत दर्जनों महिला-पुरुष।