Advertisement

मुख्यमंत्री ने जेपी गंगा पथ पर विकसित हो रहे पार्क का किया निरीक्षण, गंगा के बढ़ते जलस्तर पर जताई चिंता

-मुख्यमंत्री ने जेपी गंगा पथ पर विकसित हो रहे पार्क का किया निरीक्षण, गंगा के बढ़ते जलस्तर पर जताई चिंता

✍🏻 पटना। संवाददाता।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को पटना में जेपी गंगा पथ पर पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग द्वारा विकसित किए जा रहे पार्क का निरीक्षण किया। यह पार्क एलसीटी घाट और कुर्जी घाट के बीच 500 मीटर लंबाई में बनाया जा रहा है, जिसे पटना स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित किया जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पार्क के निर्माण में लोगों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए, क्योंकि यह गंगा नदी के किनारे स्थित है। उन्होंने कहा कि यह पार्क न केवल हरियाली बढ़ाएगा, बल्कि लोगों को परिवार के साथ समय बिताने का एक सुंदर स्थान भी प्रदान करेगा। मुख्यमंत्री ने कार्य को शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर का सड़क मार्ग से जायजा लिया। निरीक्षण का सिलसिला कंगन घाट से शुरू होकर एनआईटी घाट, दीघा घाट होते हुए नासरीगंज घाट तक चला। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से गंगा के तटीय इलाकों की स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा के किनारे बसे निचले क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखी जाए। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि प्रभावित लोगों को एसओपी के अनुसार राहत और सहायता अविलंब उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने जल प्रवाह की तीव्रता को देखते हुए सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करने को कहा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव कुमार रवि, विशेष कार्य पदाधिकारी गोपाल सिंह, पटना प्रमंडल आयुक्त डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, नगर निगम आयुक्त अनिमेष पराशर, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।