Advertisement

आकाशीय बिजली की चपेट में दो बच्चियां, एक की मौत; इलाके में पसरा मातम

-आकाशीय बिजली की चपेट में दो बच्चियां, एक की मौत; इलाके में पसरा मातम

✍🏻 राजापाकर। संजय श्रीवास्तव।

बिदुपुर थाना क्षेत्र के शीतलपुर कमालपुर पंचायत अंतर्गत चकमसुद शिव मंदिर मठ के पास स्थित आम के बगीचे में रविवार दोपहर आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। इस घटना में एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई, जिसे इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कुतुबपुर चकमसुद निवासी दिनेश साह की बेटी मुस्कान कुमारी और मनोज दास की पोती अंकिता कुमारी दोपहर में हल्की हवा चलने के बाद आम चुनने अन्य बच्चों के साथ बगीचे में गई थीं। उसी दौरान हल्की बारिश शुरू हो गई और अचानक आकाशीय बिजली गिरने से दोनों बच्चियां चपेट में आ गईं।

घटना के बाद अन्य बच्चे घबरा गए और घर भागकर परिजनों को सूचना दी। जब ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंचे, तब तक मुस्कान की मौत हो चुकी थी, जबकि अंकिता गंभीर रूप से झुलसी पड़ी थी। उसे तुरंत बिदुपुर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ से डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए हाजीपुर रेफर कर दिया।

मुस्कान की मौत की खबर मिलते ही उसके घर में कोहराम मच गया। परिजन और ग्रामीण गहरे सदमे में हैं। वहीं, अंकिता की हालत भी नाजुक बताई जा रही है।

चेतावनियों को नजरअंदाज कर रहे लोग:

गौरतलब है कि मॉनसून के मौसम में बिहार सरकार का आपदा प्रबंधन विभाग आकाशीय बिजली से बचाव के लिए लगातार चेतावनियां और सलाह जारी करता रहा है। लेकिन सावधानी नहीं बरतने के कारण हर साल ऐसे हादसे होते रहते हैं।

इलाके में अभी भी कई बगीचों में आम लगे हुए हैं, और व्यापारी आम तुड़वाने के लिए मजदूर लगा रहे हैं। आंधी और बारिश के बीच लोग बगीचे में आम चुनने पहुंच जाते हैं, जिससे जान का खतरा बना रहता है।

यह दुखद हादसा एक बार फिर सावधानी की अनदेखी के खतरनाक परिणाम को उजागर करता है। प्रशासन और आपदा विभाग ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम में खुले में न जाएं, विशेषकर पेड़ के नीचे और खुले खेतों से बचें।

क्षेत्र में मुस्कान की मौत से शोक की लहर है और प्रशासनिक स्तर पर भी घटना की जांच व सहायता कार्य शुरू कर दिए गए हैं।