-राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में तीन दिवसीय लीडरशिप बूट कैंप का सफल समापन
-35 युवा प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित
राजापाकर (वैशाली)। स्थानीय चकसिकंदर स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय जिला लीडरशिप बूट कैंप का भव्य समापन शनिवार को हुआ। इस अवसर पर हाजीपुर विधायक श्री अवधेश सिंह, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनंत कुमार, जिला युवा अधिकारी सुश्री श्वेता सिंह, एपीएस श्री केदारनाथ सिंह एवं अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा प्रतिभागी युवाओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
इस बूट कैंप में वैशाली जिले के विभिन्न प्रखंडों से चयनित 35 युवा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 20 छात्र-छात्राएं बीटेक के विद्यार्थी थे। कार्यक्रम के अंतर्गत युवाओं को यूथ पार्लियामेंट, लीडरशिप और कम्युनिकेशन स्किल्स, डिजिटल साक्षरता, योग एवं मेडिटेशन, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, और कम्युनिटी इंगेजमेंट जैसे विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
जिला युवा अधिकारी सुश्री श्वेता सिंह ने जानकारी दी कि यह बूट कैंप “मेरा युवा भारत (MY Bharat)” पहल के तहत युवाओं की नेतृत्व क्षमता को निखारने और समाज से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था। प्रशिक्षण के लिए मंत्रालय की ओर से श्री अखिल एवं सुश्री मनीषा को प्रशिक्षक के रूप में नियुक्त किया गया था।

कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य डॉ. अनंत कुमार ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं में आत्मविश्वास, सहनशक्ति, संवेदनशीलता और निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है, जो उन्हें न केवल समाज बल्कि राष्ट्र के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने योग्य बनाता है। उन्होंने इसे “विजन 2047” की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।
वहीं, विधायक श्री अवधेश सिंह ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में युवाओं को सकारात्मक ऊर्जा के साथ लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने की सीख दी। उन्होंने कहा कि “धैर्य, मेहनत और संकल्प से हर कठिनाई को पार किया जा सकता है।”
कार्यक्रम के बाद विधायक ने महाविद्यालय परिसर में बने कंप्यूटर साइंस लैब, म्यूजिक क्लब, आर्ट एंड क्राफ्ट क्लब का अवलोकन भी किया और छात्रों के कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर प्रो. निशांत नीलय समेत कई शिक्षकगण, प्रशिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
#लीडरशिप_बूटकैंप #मायभारत #युवा_सशक्तिकरण #राजकीय_अभियंत्रण_महाविद्यालय #वैशाली_समाचार #Vision2047 #युवा_नेतृत्व #MYBharat #YouthCamp2025











