Advertisement

बिहार को मिला यूनानी चिकित्सा का नया केंद्र, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजकीय तिब्बी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का किया शिलान्यास

-बिहार को मिला यूनानी चिकित्सा का नया केंद्र, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राजकीय तिब्बी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का किया शिलान्यास

-264 करोड़ की लागत से बनेगा अत्याधुनिक यूनानी संस्थान, स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा नया आयाम

पटना, 31 मई 2025 –
मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने आज नालंदा चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल परिसर में 264 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 200 बेड के राजकीय तिब्बी चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल का कार्यारंभ रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट अनावरण कर किया। यह संस्थान 10 एकड़ भूमि पर विकसित किया जा रहा है, जो यूनानी चिकित्सा को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार का महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को मास्टर प्लान के माध्यम से अस्पताल भवन, ब्वायज़ हॉस्टल, गर्ल्स हॉस्टल, पीजी-इंटर्न हॉस्टल, प्राचार्य कार्यालय, चिकित्सा अधीक्षक आवास सहित अन्य संरचनाओं की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा, “राज्य के प्रत्येक नागरिक को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और सस्ती स्वास्थ्य सुविधा देना सरकार की प्राथमिकता है। बिहार की धरती का यूनानी चिकित्सा से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है।” उन्होंने निर्माण कार्य को तय समयसीमा और गुणवत्ता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया।

गौरतलब है कि वर्ष 2021 में मुख्यमंत्री द्वारा इस महाविद्यालय का निरीक्षण किया गया था, जहां भवन की स्थिति को देखते हुए नये भवन निर्माण का निर्णय लिया गया था। इसके लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज के समीप 10 एकड़ भूमि चिन्हित की गई है। निर्माण पूर्ण होने के पश्चात यह संस्थान अपने पुराने परिसर से स्थानांतरित कर नये भवन में स्थान लेगा।

परियोजना की प्रमुख विशेषताएं:

200 बेड का अस्पताल

500 क्षमता वाला सभागार

400 क्षमता वाला छात्रावास (बॉयज़)

350 क्षमता वाला छात्रावास (गर्ल्स)

औषधि निर्माण गृह

शिक्षक एवं कर्मचारियों के लिए आवासीय परिसर

150 छात्रों के वार्षिक नामांकन की व्यवस्था

भूकम्परोधी भवन, सौर ऊर्जा एवं वर्षा जल संचयन प्रणाली

पूर्णतः वातानुकूलित भवन, निर्माण अवधि: 30 माह

मुख्यमंत्री ने यूनानी चिकित्सा की विशेषता पर बल देते हुए कहा कि यह पद्धति शरीर, मन और आत्मा के संतुलन पर आधारित है और रोग निवारण के साथ-साथ स्वस्थ जीवनशैली को भी बढ़ावा देती है।

उद्घाटन कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य व्यक्ति:

उपमुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा, विधानसभा अध्यक्ष श्री नंद किशोर यादव, जल संसाधन मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्री मंगल पांडे, पटना महापौर श्रीमती सीता साहू, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव श्री दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव श्री प्रत्यय अमृत, जिलाधिकारी डॉ. चंद्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक श्री अवकाश कुमार एवं अन्य स्वास्थ्य विभाग के वरीय पदाधिकारी।