-समस्तीपुर में पंचायत के दौरान मारपीट, अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या
समस्तीपुर, बिहार – जिले के दलसिंहसराय थाना क्षेत्र के अंजनौल पंचायत अंतर्गत खोसहा गांव में मंगलवार देर रात एक पंचायत के दौरान हुए हिंसक झड़प में अधेड़ व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान खोसहा गांव वार्ड 4 निवासी शिवजी राय (68) के रूप में हुई है।
विवाद से हत्या तक का घटनाक्रम:
सूत्रों के मुताबिक, मृतक शिवजी राय के बेटे और रामपुर जलालपुर निवासी वासो राय उर्फ बीसो राय के बेटे के बीच सोमवार को किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। इसी विवाद को सुलझाने के लिए मंगलवार देर शाम गांव में पंचायत बैठाई गई थी, जिसमें दोनों पक्षों के लोग मौजूद थे।

पंचायत के दौरान बातचीत के क्रम में विवाद फिर से उग्र हो गया और बहस मारपीट में तब्दील हो गई। इसी बीच शिवजी राय पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद भगदड़ और सड़क जाम:
हत्या के बाद आरोपी वासो राय का पूरा परिवार गांव से फरार हो गया। वहीं, घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों के साथ मिलकर दलसिंहसराय-मंसूरचक मुख्य मार्ग को शव के साथ जाम कर दिया और आवागमन बाधित कर दिया।
प्रशासन की कार्रवाई:
घटना की जानकारी मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा व थानाध्यक्ष मो. इरशाद आलम मौके पर पुलिस बल के साथ पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
#समस्तीपुरहत्याकांड #पंचायतमेंहिंसा #बिहारसमाचार #MobLynching #LawAndOrder #JusticeForShivjiRai #समस्तीपुरBreaking #पंचायतीविवाद












