-समस्तीपुर कोर्ट से पेशी के दौरान पांच बंदी फरार, एक गिरफ्तार — सभी लूट कांड के आरोपी
रिपोर्ट: नवीन कुमार वर्मा |
स्थान: समस्तीपुर, बिहार
समस्तीपुर कोर्ट परिसर में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब पेशी के लिए लाए गए पांच बंदी कोर्ट हाजत से फरार हो गए। सभी आरोपी सरायरंजन थाना क्षेत्र में हुए एक लूटकांड के मामले में नामजद हैं। हालांकि, इनमें से एक बंदी को सुरक्षा गार्ड ने खदेड़कर पकड़ लिया, जबकि बाकी चार फरार होने में सफल रहे।
मिली जानकारी के अनुसार, पेशी के बाद बंदियों को कोर्ट हाजत में बंद किया जा रहा था। जैसे ही एक आरोपी राजनंदन उर्फ छोटू उर्फ हैदर को हाजत में दाखिल किया जा रहा था, अंदर पहले से मौजूद बंदियों ने अचानक ग्रिल को जोर से धक्का दे दिया। इस दौरान एक सुरक्षा गार्ड चोटिल होकर गिर पड़ा। मौके का फायदा उठाकर राजनंदन समेत अरविंद सहनी, मनीष कुमार, मनजीत कुमार और नागेंद्र महतो भागने लगे।
हालांकि, एक तैनात सुरक्षा गार्ड ने सतर्कता दिखाते हुए नागेंद्र महतो को पकड़ लिया। अन्य चार बंदी अब भी फरार हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी संजय कुमार पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। पकड़े गए बंदी से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमों का गठन कर छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने फरार आरोपियों की तस्वीरें जारी कर दी हैं और इस मामले में सुरक्षा में हुई संभावित लापरवाही की भी जांच शुरू कर दी गई है। दोषी पाए जाने वाले सुरक्षाकर्मियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही गई है।
फरार आरोपी:
राजनंदन उर्फ छोटू उर्फ हैदर, निवासी: वैशाली
अरविंद सहनी, निवासी: भगवानपुर सहदा, वैशाली
मनीष कुमार, निवासी: मुंगौली, सरैया, मुजफ्फरपुर
मनजीत कुमार, निवासी: मुंगौली, सरैया, मुजफ्फरपुर
पकड़ा गया आरोपी:
नागेंद्र महतो, निवासी: दौलतपुर चांदी, वैशाली
#समस्तीपुर #कोर्टहाजत #बंदीफरार #BreakingNews #बिहारपुलिस #CrimeAlert #LootCase












