-मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संग्रहालयों को जोड़ने वाली टनल का निरीक्षण किया, कार्य शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश
पटना। ब्यूरो। मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को बिहार संग्रहालय और पटना संग्रहालय को जोड़ने वाली निर्माणाधीन सुरंग (टनल) तथा पटना संग्रहालय के विस्तारीकरण एवं उन्नयन कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को इसे गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान बिहार संग्रहालय के महानिदेशक श्री अंजनी कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री को सुरंग की बनावट, पर्यटकों के लिए सुविधाएं, पार्किंग व्यवस्था सहित अन्य पहलुओं की जानकारी दी। बताया गया कि यह सुरंग लगभग 1.5 किलोमीटर लंबी और 8 मीटर चौड़ी होगी, जिसे ज़मीन से 15 मीटर नीचे बनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सुरंग दोनों संग्रहालयों के बीच दर्शकों के सुगम आवागमन के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने निर्देश दिया कि टनल का निर्माण इस तरह से हो कि उसमें इलेक्ट्रिक वाहन और पैदल पर्यटक दोनों आराम से यात्रा कर सकें। साथ ही, पार्किंग और अन्य बुनियादी सुविधाएं भी विकसित की जाएं ताकि पर्यटकों को बेहतर अनुभव मिल सके।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने पटना संग्रहालय के विस्तारीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने नवनिर्मित सभागार, संग्रह भंडार और गंगा दीर्घा सहित विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया और कार्य की गुणवत्ता की सराहना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना संग्रहालय ऐतिहासिक महत्व का केंद्र है और इसके उन्नयन से राज्य की सांस्कृतिक विरासत को नया आयाम मिलेगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री के साथ उनके प्रधान सचिव, नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव, जिलाधिकारी पटना समेत कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे।












