-सेना के सम्मान में जय हिंद सभा, गौरव गोगोई ने केंद्र सरकार पर बोला हमला
मुजफ्फरपुर।
ऑपरेशन सिन्दूर में शामिल भारतीय सेना के शौर्य को सलाम करते हुए मंगलवार को जय हिंद सभा का आयोजन किया गया, जिसमें लोकसभा में प्रतिपक्ष के उपनेता गौरव गोगोई ने केंद्र सरकार और भाजपा नेताओं पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सेना पर सवाल उठाने वाले नेताओं को देश माफ नहीं करेगा।
सभा को संबोधित करते हुए गोगोई ने कहा कि पहलगाम में शहीद हुए जवान की पत्नी हिमांशी नरवाल के देशभक्ति भरे वक्तव्य के बावजूद भाजपा नेताओं ने उन्हें कायर बताकर अपमानित किया। वहीं दूसरी ओर, कर्नल सोफिया पर आरोप लगाकर सरकार और राष्ट्रीय महिला आयोग ने चुप्पी साध ली, जो महिलाओं के सम्मान के खिलाफ है।
प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जब सेना ऑपरेशन सिन्दूर को अंजाम दे रही थी, उस समय पाकिस्तान को IMF से कर्ज मिल रहा था, जिससे वह नुकसान की भरपाई कर सके। उन्होंने सवाल उठाया कि भारत का विदेश मंत्रालय उस समय क्या कर रहा था और अमेरिका के कहने पर सीजफायर करके सरकार ने सेना के पराक्रम का अपमान क्यों किया।
गोगोई ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वे इस हमले की जानकारी विदेशों को दे रहे हैं, लेकिन देशवासियों से छुपा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार विशेष सत्र बुलाने से बच रही है ताकि जनता को सच्चाई न पता चले।

सभा में कांग्रेस के भूतपूर्व सैनिको के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल रोहित चौधरी ने कहा कि पहलगाम हमले में आतंकी चालीस मिनट तक हमला करते रहे, लेकिन कोई सुरक्षा नहीं आई। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रधानमंत्री की यात्रा सुरक्षा कारणों से रद्द की गई थी तो घटना के दिन मौजूद 2000 पर्यटकों की सुरक्षा क्यों नहीं की गई?
बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार राम ने कहा कि कांग्रेस नेता पीड़ित परिवारों से मिल रहे हैं और ऑपरेशन सिन्दूर के बाद पूंछ जाकर पाकिस्तान की करतूतों को देख रहे हैं, वहीं प्रधानमंत्री को इसके लिए समय नहीं है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष अरविंद कुमार मुकुल ने की। सभा से पहले गौरव गोगोई और राजेश कुमार राम ने रमना पानी टंकी स्थित सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ तिरंगा पदयात्रा करते हुए साहू पोखर स्थित निजी विवाह भवन पहुंचे, जहां जय हिंद सभा का आयोजन हुआ।
इस मौके पर बिहार प्रभारी सचिव सुशील पासी, पूर्व सांसद अजय निषाद, नगर विधायक विजयेंद्र चौधरी, जिलाध्यक्ष शशिरंजन सहित कई वरिष्ठ नेता और हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#जयहिंदसभा #गौरवगोगोई #ऑपरेशन्सिन्दूर #मुजफ्फरपुर #कांग्रेस #भारतीयसेना












