Advertisement

आपदा मित्रों की मांगों को लेकर जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न, आंदोलन की दी चेतावनी

-आपदा मित्रों की मांगों को लेकर जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न, आंदोलन की दी चेतावनी

रिपोर्ट: संवाददाता।

समस्तीपुर। राष्ट्रीय आपदा मित्र संगठन के बैनर तले सोमवार को शहर स्थित आर.सी. क्लब, निजी कोचिंग संस्थान परिसर में आपदा मित्रों की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्य दिवस की बकाया राशि, नियमित मानदेय और अन्य मांगों को लेकर आगामी आंदोलनों की रणनीति बनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के जिला अध्यक्ष धनंजय कुमार ने की, जबकि संचालन राजीव कुमार पासवान ने किया। बैठक में संगठन के राज्य अध्यक्ष रौशन कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे।

राज्य अध्यक्ष रौशन कुमार ने कहा कि वर्ष 2023 में बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा 9600 युवाओं को आपदा मित्र के रूप में प्रशिक्षित किया गया। इनसे दशहरा मेला, छठ महापर्व, सुरक्षित शनिवार कार्यक्रमों के तहत विभिन्न आपदा प्रबंधन कार्य कराए जा रहे हैं, लेकिन सरकार इनकी सेवाओं का सम्मानजनक मूल्य नहीं दे रही है।

उन्होंने कहा कि आपदा मित्रों की 8 सूत्री मांगों में कार्य दिवस का बकाया भुगतान, नियमित मानदेय, सरकारी कर्मचारी का दर्जा, बीमा राशि को 5 लाख से बढ़ाकर 20 लाख करने, 26,910 रुपए प्रतिमाह न्यूनतम वेतनमान देने और सुरक्षित शनिवार के लिए समान कार्य के लिए समान वेतन शामिल है। यदि सरकार मांगों पर गंभीरता नहीं दिखाती है, तो आगामी बिहार विधानसभा मानसून सत्र के दौरान पटना में जोरदार आंदोलन किया जाएगा। साथ ही विधानसभा चुनाव में भाजपा-जदयू सरकार का विरोध भी किया जाएगा।

जिला अध्यक्ष धनंजय कुमार ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी के दौर में आपदा मित्रों से काम तो लिया जा रहा है, लेकिन उचित वेतन नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने प्रखंड स्तर पर बैठक कर सभी आपदा मित्रों को आगामी पटना आंदोलन के लिए संगठित करने की बात कही।

बैठक में संतोष कुमार, हीरालाल कुमार, रोहित महतो, गणेश कुमार, विनोद कुमार मालाकार, बिट्टू कुमार भगत, अजय कुमार राय, आशीष कुमार, गुंजन कुमार, कमल किशोर साहनी, राजेंद्र राम, प्रभात कुमार, साहुल देव साह, सुनील कुमार भारती सहित दर्जनों आपदा मित्र उपस्थित थे।

#आपदा_मित्र #मानदेय_की_मांग #राष्ट्रीय_आपदा_मित्र_संगठन #समस्तीपुर_समाचार #बिहार_आंदोलन #सरकारी_मान्यता