-कांटी में डीएम ने आयुष्मान कार्ड सेंटर का किया औचक निरीक्षण, लापरवाही पर सख्त चेतावनी
रिपोर्ट: संवाददाता, कांटी (मुजफ्फरपुर)
मुजफ्फरपुर। जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने सोमवार को कांटी प्रखंड के लसगरिपुर पंचायत भवन और हरि सिंह छपरा उच्च विद्यालय में संचालित आयुष्मान कार्ड सेंटर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने कार्य में तेजी लाने और पात्र लाभार्थियों को बिना किसी बाधा के आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि कार्ड निर्माण में लापरवाही या टालमटोल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित विभागों को चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर अनियमितता या शिथिलता पाई जाती है, तो कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान लसगरिपुर पंचायत भवन पर स्थानीय मुखिया इंद्र मोहन झा ने डीएम सुब्रत कुमार सेन और बीडीओ आनंद कुमार विभूति का स्वागत किया।
डीएम ने गोदाई फुलकाहा में संचालित एक सीएसपी सेंटर पर आयुष्मान कार्ड बनाने में आनाकानी और अवैध रूप से पैसे वसूलने की शिकायत मिलने पर गंभीर रुख अपनाया। उन्होंने मौके पर ही बीडीओ को निर्देश दिया कि संबंधित सीएसपी संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाए।
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन डॉ. अजय कुमार, पीएचसी प्रभारी डॉ. सुमित संस्कार, सीडीपीओ कुमारी बिंदु सिन्हा, बीईओ रामयतन सिंह यादव समेत कई वरीय अधिकारी उपस्थित थे।
#मुजफ्फरपुर_समाचार #कांटी #आयुष्मान_भारत #DMनिरीक्षण #जिला_प्रशासन_सख्त #स्वास्थ्य_सुविधा #CSPकार्रवाई #BreakingNews











