-10वां वार्षिकोत्सव ‘संगम’ के रंग में रंगा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने मोहा मन
वैशाली | मोहन कुमार सुधांशु।
वैशाली स्थित बुद्ध वर्ल्ड स्कूल ने अपनी स्थापना की दसवीं वर्षगांठ पर ‘संगम’ विषय पर आधारित रंगारंग वार्षिकोत्सव का आयोजन किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने गीत, संगीत, नृत्य, कविता और संवाद के माध्यम से भारतीय संस्कृति के विविध ‘संगमों’ को जीवंत कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार, दीप प्रज्वलन, गणेश वंदना और स्वागत गान के साथ हुआ। मंच पर ‘गंगा, यमुना और सरस्वती’ के पावन संगम को भौगोलिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक दृष्टिकोण से आकर्षक रूप में प्रस्तुत किया गया।
बुद्ध वर्ल्ड ग्रुप ऑफ स्कूल्स की मड़वन (मुजफ्फरपुर) स्थित बालिका शाखा की छात्राओं ने भी आकर्षक नृत्य, संगीत और झांकी प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। विविध भाषाओं और साहित्यिक संगमों की झलक दिखाते हुए बच्चों ने गंगा-जमुनी तहज़ीब और विविधता में एकता का सार्थक संदेश दिया।

महाकवि जयशंकर प्रसाद और रघुवीर नारायण की कालजयी रचनाओं की सजीव प्रस्तुति से श्रोता भावविभोर हो गए। बाल कलाकारों द्वारा पारंपरिक परिधानों में प्रस्तुत देशभक्ति गीत “भारत का रहने वाला हूं” पर प्रस्तुति ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
कार्यक्रम की बहुभाषी प्रस्तुति—संस्कृत, हिंदी, अंग्रेजी, वज्जिका और भोजपुरी में—शिक्षाप्रद और आनंददायक रही। मुख्य अतिथि प्रो. प्रिय रंजन ने उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले विद्यार्थियों को मेडल देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम के अंत में बुद्ध वर्ल्ड ग्रुप ऑफ स्कूल्स के निदेशक श्री कृष्ण कुमार ने अतिथियों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।
#बुद्धवर्ल्डस्कूल #वार्षिकोत्सव2025 #संगम2025 #भारतीयसंस्कृति #छात्रप्रतिभा #देशभक्ति












