Advertisement

गोरौल में जमीन विवाद ने ली हिंसक रूप, खौलते तेल से महिला झुलसी

-गोरौल में जमीन विवाद ने ली हिंसक रूप, खौलते तेल से महिला झुलसी

-आठ लोग घायल

वैशाली | मोहन कुमार सुधांशु।

थाना क्षेत्र के गोरौल बाजार में शनिवार को भूमि विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवादित जमीन को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें आधा दर्जन से अधिक महिला और पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना में एक महिला पर खौलता हुआ तेल फेंकने की भी सनसनीखेज बात सामने आई है।

घटना में पूर्व पंचायत समिति सदस्य मंजू देवी भी घायल हो गईं, जिनका इलाज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के बाद सदर अस्पताल में किया जा रहा है। सभी घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद रेफर कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, गोरौल बाजार निवासी उमेश साह की मिठाई की दुकान मंजू देवी के जेनरल स्टोर से सटी हुई है। दोनों परिवारों के बीच जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। पूर्व में पंचायत भी हुई थी, जिसमें कुछ भूमाफियाओं की उपस्थिति की बात सामने आई थी।

सूत्रों के अनुसार, भूमाफिया गोरौल बाजार की जमीन को मंजू देवी के नाम दिलवाने की कोशिश में थे ताकि वे बाद में जमीन खरीद सकें। वहीं उमेश साह जमीन छोड़ने को तैयार नहीं था और कागजात दिखाने की बात कहकर मामले को टाल रहा था।

शनिवार को विवाद ने तूल पकड़ लिया और मंजू देवी पक्ष के लोगों ने कथित रूप से बाहरी लोगों को बुलाकर उमेश साह, सविता देवी, राकेश कुमार, गणेश कुमार, रमेश कुमार, शोभा देवी और सुधा देवी पर हमला कर दिया। सविता देवी पर खौलता हुआ तेल फेंकने की भी बात सामने आई है। महेश साह ने बताया कि करीब 50 लोग लाठी-डंडों से लैस होकर दुकान में घुस आए और लूटपाट करने लगे। विरोध करने पर मारपीट की गई।

थानाध्यक्ष रौशन कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह जमीन विवाद का मामला है। दोनों पक्षों की ओर से अभी तक थाने में कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है। करीब आठ लोगों के घायल होने और सात को रेफर किए जाने की बात कही गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

#जमीनविवाद #गोरौलहिंसा #वैशालीसमाचार #महिलापरहमला #भूमिमाफिया #स्थानीयखबर