Advertisement

महाकुंभ में जा रहे पप्पू यादव के सोशल मीडिया प्रभारी की एक्सीडेंट में मौत

-महाकुंभ में जा रहे पप्पू यादव के सोशल मीडिया प्रभारी की एक्सीडेंट में मौत

ब्यूरो।पटना

बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव के सोशल मीडिया प्रभारी बसुकी नंदन शर्मा उर्फ आर्यन ओम शर्मा की बुधवार सुबह करीब तीन बजे सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा आरा-मोहनिया हाइवे पर सोनवर्षा बाजार के पास बुधवार अहले सुबह करीब 3 बजे हुआ। आर्यन अपने परिवार के साथ प्रयागराज स्थित महाकुंभ में स्नान के लिए जा रहे थे। तभी सड़क किनारे खड़े कंटेनर में उनकी तेज रफ्तार कार की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में आर्यन के माता-पिता समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका पटना में इलाज चल रहा है। आर्यन शर्मा की मौत पर सांसद पप्पू यादव ने दुख जताया और कहा कि वह उनके छोटे भाई एवं बेटे जैसे थे।


यह कार की कंटेनर से टक्कर इतनी जोरदार थी कि आर्यन की गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। कार कंटेनर के पिछले हिस्से में फंस गई। आर्यन शर्मा पूर्णिया के बनमनखी राज हाट के रहने वाले थे। उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास के लोग दौड़कर आए और किसी तरह घायलों को बाहर निकालकर इलाज के लिए भेजा।
बुधवार अहले सुबह जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय आर्यन खुद कार ड्राइव कर रहे थे। दुर्घटना में घायल आर्यन ओम शर्मा के पिता बनमनखी स्थित गोरेलाल मेहता महाविद्यालय में केमिस्ट्री विभाग में डेमोस्ट्रेटर थे। घटना की सूचना जैसे ही उनके परिवार वालों को मिली बनमनखी में कोहराम मच गया। घर पर लोगों का तांता उमड़ पड़ा।