-अनियंत्रित पिकअप ने बाइक सवार को रौंदा, एक की दर्दनाक मौत, दो घायल
पंकज राकेश, सरैया (मुजफ्फरपुर)।
मुजफ्फरपुर जिले के जैतपुर थाना क्षेत्र स्थित नरगी जगदीश गांव में सोमवार को एक तेज रफ्तार अनियंत्रित पिकअप ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे बाइक चालक मनोज कुमार सिंह (52) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में उनके साथी संतोष राम (48) और चार वर्षीय नाती मयंक घायल हो गए।
हादसा सुबह करीब 10:45 बजे हुआ, जब मनोज कुमार सिंह अपने गांव के संतोष राम और मयंक के साथ बाइक से सरैया जा रहे थे। सिरकोहियां की तरफ से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मनोज सिंह का एक पैर कटकर शरीर से अलग हो गया और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
संतोष राम और मयंक सड़क किनारे गेहूं के खेत में जा गिरे। मयंक को मामूली चोटें आईं, जबकि संतोष राम गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने घायल संतोष राम को इलाज के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

पिकअप चालक फरार, पुलिस ने जब्त की गाड़ी:
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पिकअप चालक का पीछा किया, लेकिन वह प्राथमिक विद्यालय के पास पिकअप से कूदकर फरार हो गया। पिकअप स्कूल परिसर में पलट गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया और पिकअप को जब्त कर लिया। जैतपुर थानेदार कुंदन कुमार सिंह ने बताया कि चालक की तलाश जारी है।
गांव में पसरा मातम:
मनोज सिंह खेतीबाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। तीन बच्चों के पिता मनोज सिंह के बेटे को हादसे की सूचना मिलते ही मुंबई से फ्लाइट द्वारा गांव पहुंचना पड़ा। छोटे भाई सरोज पटेल, जो विदेश में रहते थे, अस्वस्थता के कारण गांव में ही थे।
परिजनों के आंसुओं और चीखों से माहौल गमगीन हो गया। गांव के लोग इस घटना से स्तब्ध हैं और पीड़ित परिवार के प्रति सहानुभूति व्यक्त कर रहे हैं।
जांच जारी, ग्रामीणों में आक्रोश:
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से चालक को जल्द गिरफ्तार करने और सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।











