-परिमार्जन प्लस के मामलों के निष्पादन में मतलुपुर एवं पिरापुर पीछे,शिविर लगाकर ऑन स्पॉट मामलों के निष्पादन का निर्देश
-सोमवार को कैम्प आयोजन के निर्देश
-अन्य राजस्व कर्मचारियों को भी आवश्यक निर्देश
मुजफ्फरपुर/बन्दरा। सम्वाददाता।
लंबित परिमार्जन प्लस के मामलों के निष्पादन को लेकर बन्दरा अंचल क्षेत्र के दो पंचायत में विशेष शिविर लगाकर संबंधित मामले का निष्पादन किया जाएगा। इसको लेकर बन्दरा सीओ अंकुर राय ने सम्बंधित राजस्व कर्मचारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए हैं। जारी पत्र के अनुसार बन्दरा अंचल क्षेत्र के मतलूपुर एवं पीरापुर पंचायत में परिमार्जन प्लस के मामलों के त्वरित निष्पादन को लेकर विशेष कैंप लगाने के निर्देश दिए गए हैं। बन्दरा सीओ अंकुर राय ने बताया कि शनिवार को परिमार्जन प्लस की समीक्षा की गई। समीक्षा के क्रम में पाया गया कि हल्का मतलूपुर एवं पिरापुर का परिमार्जन प्लस का कार्य लक्ष्य के अनुरूप नहीं है।

यहां परिमार्जन प्लस के 50 से अधिक मामले लंबित है। लिहाजा ऐसी स्थिति में परिमार्जन प्लस के लंबित मामलों के निष्पादन हेतु 9 दिसंबर(सोमवार) को मतलूपुर एवं पीरापुर में शिविर लगाकर ऑन स्पॉट मामलों के निष्पादन करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं बंदरा अंचल क्षेत्र के अन्य पंचायत एवं हल्का क्षेत्र में परिमार्जन प्लस से जुड़े हुए मामले कम संख्या में लंबित है। लिहाजा इन मामलों को अंचल कार्यालय में ही प्राथमिकता के आधार पर त्वरित रूप से निष्पादन करने को लेकर संदर्भित राजस्व कर्मचारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।












