-पटना वाले खान सर अब ‘फंस’ गए, विरोध-प्रदर्शन के बीच ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ पर एफआईआर
ब्यूरो।पटना।
बीपीएससी परीक्षा के नॉर्मलाइजेशन के विरोध में हुए प्रदर्शन के बाद खान सर की कोचिंग संस्थान ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। यह प्रदर्शन शुक्रवार ( 6 दिसंबर ) को हुआ था, जिसमें पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। खान सर और गुरु रहमान भी छात्रों के समर्थन में प्रदर्शन में शामिल हुए। गिरफ्तारी की अफवाह फैलाने के आरोप में खान ग्लोबल स्टडीज पर केस दर्ज हुआ है। पुलिस का कहना है कि खान सर को गिरफ्तार नहीं किया गया था, बल्कि उन्हें थाने लाकर बाद में घर छोड़ दिया गया। इस मामले में एक छात्र नेता दिलीप कुमार को गिरफ्तार किया गया है।
बता दें कि बीपीएससी 70वीं प्रारंभिक परीक्षा के परिणाम में नॉर्मलाइजेशन की प्रक्रिया से असंतुष्ट अभ्यर्थियों ने पटना में जोरदार प्रदर्शन किया। शुक्रवार को हुए इस प्रदर्शन में पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा था। प्रख्यात शिक्षक खान सर और गुरु रहमान भी छात्रों के समर्थन में सड़कों पर उतरे। शाम को खान सर के गर्दनीबाग थाने पहुंचने पर उनके हिरासत में लिए जाने और गिरफ्तारी की अफवाहें फैल गईं। हालांकि, पटना के एसएसपी राजीव मिश्रा ने इन अफवाहों को खारिज कर दिया। अब इस मामले में खान सर की कोचिंग संस्थान खान ग्लोबल स्टडीज मुश्किल में फंस गई है।

खान सर की गिरफ्तारी की अफवाह फैलाने के आरोप में खान ग्लोबल स्टडीज पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि कोचिंग संस्थान के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से खान सर की गिरफ्तारी की झूठी खबरें और वीडियो पोस्ट किए गए। इन पोस्ट्स में ‘खान सर को रिहा करो’ जैसे नारे भी लगाए गए थे। सचिवालय डीएसपी अनु कुमारी ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि खान सर को गिरफ्तार नहीं किया गया था, बल्कि उन्हें थाने लाया गया था और बाद में सुरक्षित घर भेज दिया गया था।












