-बिहार विधानसभा में बीजेपी की ताकत बढ़ी
दीपक कुमार तिवारी। पटना।
बिहार में हुए विधानसभा उपचुनाव में एनडीए को बड़ी जीत मिली है। चारों सीटें जीतकर एनडीए ने अपनी ताकत बढ़ा ली है। इस जीत से जदयू, बीजेपी और हम के विधायकों की संख्या में इजाफा हुआ है, जबकि राजद और कांग्रेस को नुकसान उठाना पड़ा है। चुनाव के बाद 243 सदस्यों वाली बिहार विधानसभा में एनडीए के पास अब 137 विधायक हो गए हैं, जबकि विपक्ष के पास 106 विधायक रह गए हैं।
रामगढ़ और तारारी सीटों पर जीत के साथ ही बीजेपी अब 80 विधायकों के साथ सदन में सबसे बड़ी पार्टी बन गई है। वहीं, बेलागंज सीट जीतकर जदयू के विधायकों की संख्या 45 हो गई है। जीतन राम मांझी के सांसद बनने के बाद खाली हुई इमामगंज सीट पर उनकी बहू दीपा मांझी ने जीत हासिल की है, जिससे हम के विधायकों की संख्या बढ़कर चार हो गई है।
हालांकि, राजद के चार और कांग्रेस के दो विधायकों के बागी तेवर अपनाने से इन दोनों दलों की ताकत कम हुई है। फिलहाल राजद के पास 77 और कांग्रेस के पास 19 विधायक हैं, लेकिन बागी विधायकों को हटाकर देखें तो राजद के पास 73 और कांग्रेस के पास 17 विधायक ही रह जाते हैं।

बिहार विधानसभा में कुल 243 सीटें हैं। इनमें बीजेपी के पास 80, राजद के पास 77, जदयू के पास 45, कांग्रेस के पास 19, भाकपा माले के पास 11, हम के पास 4, माकपा के पास 2, भाकपा के पास 2, एआईएमआईएम के पास 1 और 2 निर्दलीय विधायक हैं।












