Advertisement

अखिल भारतीय किसान महासभा की प्रखंड कमिटी की बैठक आयोजित

-अखिल भारतीय किसान महासभा की प्रखंड कमिटी की बैठक आयोजित

पूसा(समस्तीपुर)।संवाददाता।

अखिल भारतीय किसान महासभा की प्रखंड कमिटी की बैठक शनिवार को मोरसंड में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता किसान महासभा के प्रखंड अध्यक्ष रविन्द्र सिंह एवं पर्यवेक्षण जिला सचिव ललन कुमार ने किया। इसमें बतौर मुख्य अतिथि भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार उपस्थित थे।
बैठक में पिछले कार्यों की समीक्षा, 26 नवंबर को किसानों के सवालों को लेकर जिला समाहर्ता के समक्ष प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन में बड़ी भागीदारी सुनिश्चित करने, 05 दिसंबर को खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने एवं किसानों की समस्याओं को लेकर प्रखंड कृषि कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करने, किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में उर्वरक डीएपी,पोटाश आदि की उपलब्धता की गारंटी करने, सरकार द्वारा तय कीमत से अधिक दाम पर खाद बेचने वाले उर्वरक विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई करने, उर्वरक विक्रेता के बोर्ड पर निर्धारित मूल्य व स्टॅाक का जिक्र होना अनिवार्य करने, संगठन मजबूती आदि पर विस्तारपूर्वक विचार विमर्श किया गया ।


बैठक को संबोधित करते हुए किसान महासभा के जिला सचिव ललन कुमार ने कहा कि खाद की आसमान छूती कीमत से किसान परेशान हैं। उन्हें कृषि कार्य के लिए उर्वरक डीएपी,पोटाश, आदि समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। जबकि क्षेत्र में उर्वरक विक्रेताओं के द्वारा चोरी-छिपे अधिक पैसा लेकर उर्वरक की कालाबाजारी की जाती है। किसानों के लिए सही समय व निर्धारित मूल्य पर उर्वरक की उपलब्धता की गारंटी होनी चाहिए।
भाकपा-माले प्रखंड सचिव अमित कुमार ने कहा कि डीएपी खाद की सरकारी कीमत 50 किलो प्रति बोरी 1350 रुपये निर्धारित है, लेकिन जिले में उर्वरक विक्रेताओं के द्वारा किसानों को डीएपी 1800 से 1900 रूपये में बेचा जा रहा है। दुकानदार किसानों से अतिरिक्त राशि वसूल रहे हैं। जब किसान इसका विरोध करते हैं तो दुकानदार खाद देने से इनकार कर देते हैं। मौके पर दिनेश राय, जितेन्द्र राय, अखिलेश सिंह, मिथिलेश सिंह, मुकेश कुमार आदि मौजूद थे।