पूजा की तैयारी,अचानक चीख और फिर…भागलपुर में 8 फीट लंबे मगरमच्छ ने मचाई सनसनी!
संवाददाता। भागलपुर।
बिहार में भागलपुर जिले के नवगछिया थाना क्षेत्र स्थित एक घर से वन विभाग की टीम ने 8 फीट लंबा मगरमच्छ रेस्क्यू किया। छठ पूजा के दौरान आबादी वाले क्षेत्र से मगरमच्छ मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नवगछिया स्थित पूर्व मुखिया घनश्याम कुमार के घर में छठ पूजा की तैयारियां चल रही थी। इस बीच रात करीब 2.00 बजे के आसपास उनके पूजा रूम से अचानक आवाज आने लगी, जब उन्होंने जाकर देखा तो उनके होश उड़ गए। दअरसल पूजा रूम में लगभग 8 फीट लंबा एक मगरमच्छ मौजूद था।
परिवार के सदस्य छठ पूजा की तैयारी में लगे थे, इसलिए सब देर रात तक जाग रहे थे। मगरमच्छ को देखकर पूर्व मुखिया घनश्याम कुमार और उसके परिवार के सदस्यों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। परिवार के सदस्यों ने तुरंत पूजा रूम का दरवाजा बंद कर प्रशासन और वन विभाग की टीम को सूचना दी।

इधर, सूचना मिलते ही पुलिस जिला नवगछिया रेंज ऑफिस के वनरक्षक ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। इसके बाद करीब 7 सदस्यों के साथ वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। जिसमें वन विभाग के विशेषज्ञों के साथ डॉल्फिन मित्र और बर्ड गाइड की टीम भी मौजूद थी। वही रेस्क्यू ऑपरेशन रात करीब 2.40 बजे शुरू हुआ, और करीब 1 घंटे की मशक्कत के बाद वन विभाग की टीम ने मगरमच्छ को काबू में कर लिया। वही मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़कर उसकी आंखों पर कपड़ा डालकर रस्सी से बांध दिया गया और नवगछिया वन विभाग कार्यालय लाया गया।












