-बालू घाटों पर नहीं शुरू हुआ खनन, अधिकारियों पर गिरी गाज
संवाददाता। पटना।
खान एवं भू-तत्व विभाग ने बालू घाट बंदोबस्त में विलंब और खनन शुरू न होने के मामले में फिलहाल दो जिलों के खनिज विकास पदाधिकारियों के मई महीने के वेतन पर रोक लगा दी है।
वहीं, जिले की समीक्षा बैठक में यह बात सामने आई है कि 17 जिले बालू घाट बंदोबस्त और खनन शुरू करने के मामले में पीछे चल रहे हैं, जिसे विभाग ने गंभीरता से लिया है। इसके बाद विभाग के स्तर पर सभी खनिज विकास पदाधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर नदियों से खनन प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्देश पालन न होने पर दोषी पदाधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

खान एवं भू-तत्व विभाग के सूत्रों के अनुसार, जिन 17 जिलों में खनन और बंदोबस्त का काम धीमी गति में है वे जिले हैं सीतामढ़ी, बेतिया, मुजफ्फरपुर, मोतिहारी, दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर, सुपौल, पूर्णिया, सारण, गोपालगंज, सिवान, शिवहर और वैशाली सहरसा, मधेपुरा और किशनगंज। इन 17 जिलों में 132 बालू घाट हैं। इनमें से 93 की ई-नीलामी नहीं हुई है।
उधर, 39 घाटों की नीलामी की प्रक्रिया पूरी हुई है। 16 घाट ऐसे भी है जिन्हें पर्यावरणीय स्वीकृति मिल गई है। बावजूद खनन मात्र 10 घाट ही प्रारंभ हुआ है। अब विभाग ने प्रतिदिन खनन का निरीक्षण कर रिपोर्ट मुख्यालय को भेजने का निर्देश दिया है।












