*बालू तस्करों के सांठगांठ से कर रहे थे काली कमाई, आठ पुलिसकर्मी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
*- एक दरोगा, एक जमादार एवं चार सिपाही तथा दो चालकों के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक ने की कड़ी कार्रवाई
पटना/छपरा।संवाददाता।
बालू तस्करों के साथ सांठगांठ कर बालू लदे ट्रकों के पासिंग के खेल में तस्करों के साथ संलिप्त एक एसआई, एक एएसआई एवं चार सिपाही तथा दो चालकों के विरुद्ध पुलिस अधीक्षक डा. गौरव मंगला ने कड़ी कार्रवाई की है। एसपी ने बताया कि भगवान बाजार थाना में गश्ती वाहन पर प्रतिनियुक्त पुलिस कर्मियों के बालू तस्करों एवं पासिंग एजेंटों के साथ सांठगांठ रखने एवं बालू लदे वाहनों को पास कराने के एवज में वसूली करने से संबंधित एक आडियो क्लिप इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ। उक्त आडियो क्लिप की जांच करने पर प्रथम दृष्टया सत्य पाए जाने पर इन सभी आठ पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई है।

एसपी ने बताया कि इन सभी आठ पुलिस कर्मियों को निलंबत कर दिया गया है। इसके साथ भगवान बाजार थाने में इनके विरुद्ध प्राथमिकी कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। जिन पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई की गई उनमें एसआई अजित सिंह, एएसआई किरण कुमारी के अलावा सिपाही मनोज कुमार, सरिता कुमारी, नेहा कुमारी, सिल्पी कुमारी एवं चालक सैप संतोष कुमार एवं श्याम किशोर सिंह आदि शामिल हैं। एसपी ने आमजन से आग्रह किया है कि किसी पुलिस पदाधिकारी/कर्मी द्वारा अवैध वसूली,रिश्वतखोरी आदि आडियो/वीडियो साक्ष्य उपलब्ध होने पर सीधा पुलिस अधीक्षक के मोबाइल नंबर 9431822989 अथवा कंट्रोल रूम नंबर-9031036406 पर प्रेषित कर सकते हैं। सीधा प्रेषित करने पर आपकी पहचान शत- प्रतिषत गोपनीय रखी जाएगी व जनता को प्रताड़ित कर रहे पुलिस पदाधिकारी/कर्मी पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।












