-ग्रामीण विकास पदाधिकारी बनेंगी श्रेया, गोपाल ने 258 तो रोशन ने हासिल किए 761 रैंक; ऐसे मिली सफलता
दाउदनगर/औरंगाबाद।सम्वाददाता।
बीपीएससी 67 वीं के परिणाम में शहर की एक युवती और दो युवकों ने सफलता हासिल कर एजुकेशनल हब की सोच को मजबूत किया है।
शहर के बजाजा रोड (वर्तमान औरंगाबाद रोड निवासी) श्रेया कुमारी, नीमा गांव निवासी गोपाल कुमार एवं शहर के सिनेमा हाल क्षेत्र के निवासी रौशन कुमार ने सफलता हासिल की है। तीनों की सफलता पर शहर गौरवान्वित है।
कपड़ा व्यवसायी भुवनेश्वर प्रसाद गुप्ता एवं बाजार समिति प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका वीणा गुप्ता की पुत्री श्रेया कुमारी को बीपीएससी में 631 वां रैंक प्राप्त हुआ है। उनका चयन ग्रामीण विकास पदाधिकारी के पद पर हुआ है। डीएवी पब्लिक स्कूल से प्रारंभिक शिक्षा ग्रहण की।
रायपुर से बीटेक किया। उसके बाद सिविल सर्विसेज की तैयारी में लग गईं। पहले प्रयास में सफलता मिली है। नीमा निवासी अवकाश प्राप्त शिक्षक कमला प्रसाद शर्मा एवं गृहिणी शारदा देवी के पुत्र गोपाल कुमार को 258 वां रैंक प्राप्त हुआ है।

इनका चयन नगर कार्यपालक पदाधिकारी के रूप में हुआ है। चौथी कक्षा तक इन्होंने स्थानीय स्तर पर शिक्षा ग्रहण किया। उसके बाद पटना में रहकर पढ़ाई की। आईआईटी से मैरीन इंजीनियरिंग किया। बीटेक किया। दो साल तक दिल्ली में सिविल इंजीनियर के रूप में नौकरी की।
इसी दौरान सिविल सर्विसेज की तैयारी में लगे रहे और अब इनका चयन बीपीएससी 67वीं में नगर कार्यपालक पदाधिकारी के पद पर हुआ है।
सिनेमा हाल क्षेत्र निवासी किराना व्यवसायी दीनानाथ प्रसाद एवं गृहिणी कलावती देवी के पुत्र रोशन कुमार का चयन नगर कार्यपालक पदाधिकारी के पद के लिए हुआ है। इनका रैंक 761 है। इन्होंने 12वीं विवेकानंद मिशन स्कूल से किया है। उसके बाद इंजीनियरिंग की पढ़ाई की।














