चंपारण की खबर::
-अरेराज में बनेगा भव्य पावरग्रिड विश्राम सदन, केंद्रीय मंत्री ने रखी आधारशिला
मोतिहारी / राजन द्विवेदी।
विद्युत नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग के केंद्रीय मंत्री आरके सिंह ने जिले के अरेराज में पावरग्रिड विश्राम सदन की आज आधारशिला रखी। इस विश्राम सदन का निर्माण विद्युत मंत्रालय के अधीन महारत्न उद्यम पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ़ इंडिया लिमिटेड (पावरग्रिड) के द्वारा अपने निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत किया गया। शिलान्यास कार्यक्रम में राधा मोहन सिंह, सांसद, पूर्वी चम्पारण, सुनील मणि तिवारी विधायक, गोविंदगंज, पावरग्रिड के निदेशक (कार्मिक) डॉ० यतीन्द्र द्विवेदी, उत्तपल शर्मा, कार्यपालक निदेशक तथा पावरग्रिड एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद थे।

इस परियोजना के तहत पावरग्रिड द्वारा अनुमंडल अस्पताल, अरेराज में कुल 650 वर्ग मीटर बिल्ड अप एरिया में बनने वाला 50 बिस्तरों वाला भव्य पावरग्रिड विश्राम सदन, सभी आधुनिक सुविधाओं – फर्नीचर, गद्दा, टीवी, पर्दे, सौर ऊर्जा के उपयोग से गर्म पानी, अग्निशमन और फायर अलार्म तथा पेयजल के लिए आरओ/वाटर कूलर की सुविधाओं से लैस होगा। इस विश्राम सदन को पूरा होने में लगभग 18 महीने का समय लगेगा और परियोजना के पूरा होने पर इससे पूर्वी चम्पारण जिले के 42 गाँवों की जनता को लाभ होगा।











