Advertisement

केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न विकास योजनाओं का किया शिलान्यास

चंपारण की खबर::

– एकाग्रता से पढ़ाई करें तो आपका भविष्य बेहतर और देश विकसित होगा: आरके सिंह
– केंद्रीय मंत्री ने विभिन्न विकास योजनाओं का किया शिलान्यास

मोतिहारी / राजन द्विवेदी।

विद्युत नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग के केंद्रीय मंत्री आरके सिंह ने आज मोतिहारी के मुंशी सिंह कॉलेज में विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इन सभी परियोजनाओं का कार्यान्वयन विद्युत मंत्रालय के अधीन महारत्न उद्यम, पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ़ इंडिया लिमिटेड (पावरग्रिड) द्वारा अपने निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत किया गया।
कार्यक्रम में सभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने छात्र-छात्राओं से कहा कि अगर आप विषय पर ध्यान रखेंगे और एकाग्रता से पढ़ाई करेंगे तो आपका भविष्य बेहतर होगा और अगर आप बेहतर ढंग से शिक्षित होंगे तो आपके साथ आपके देश और राष्ट्र का विकास होगा।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि आज हमारे देश का विकास साढ़े सात प्रतिशत की दर से हो रहा है। निकट भविष्य में हम दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था होंगे। आज देश के हर गाँव के हर घर तक बिजली पहुंचाई है। 2 करोड़ 90 लाख घरों को बिजली पहुंचाई है। एक लाख 90 हजार मेगावाट अतिरिक्त बिजली का उत्पादन कर रहे हैं। आज वह समय आ गया है जब हम बिजली का निर्यात भी लड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आज ग्रामीण क्षेत्र में साढ़े 22 घंटा और शहरी क्षेत्र में साढ़े 23 घंटा बिजली की आपूर्ति हो रही है। अगर कहीं लोड शेडिंग होती है तो शिकायत कीजिये। हमारा लक्ष्य 24 घण्टे बिजली आपूर्ति का है।
इसके साथ ही श्री सिंह ने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से चर्चा करते हुए सरकार की प्रतिबद्धता को बताया। – – अब हम कर्तव्यों का निष्ठा पूर्वक पालन करें : सांसद
वहीं सांसद पूर्व केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधा मोहन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मैं इस कॉलेज का छात्र रहा हूँ। इस लिए इसका जो ऋण है उसको चुकाना संभव नहीं है। आज का शिलान्यास कार्यक्रम एक छोटा सा प्रयास है।
श्री सिंह ने कहा कि आज तक हम अपने अधिकारों के लिए लड़ते रहे। लेकिन अब समय आ गया है कि हम अपने कर्तव्य का निष्ठापूर्वक पालन करें। केंद्र की मोदी सरकार के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। देश बदल रहा है। गुलामी के सभी चिन्हों को मिटा कर देश के वैभव को शिखर पर पहुंचाना है।


कार्यक्रम में विधायक मोतिहारी प्रमोद कुमार, पावरग्रिड के निदेशक (कार्मिक) डॉ० यतीन्द्र द्विवेदी, उत्तपल शर्मा, कार्यपालक निदेशक, पिपरा विधायक श्यामबाबू यादव, पावरग्रिड एवं राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारीगण, उप महापौर डॉ० लालबाबू प्रसाद, मुंशी सिंह महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ० अरुण कुमार,कॉलेज के शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारीगण, मौजूद थे। गौरतलब है कि सी०एस०आर० के तहत पावरग्रिड द्वारा मुंशी सिंह कॉलेज, मोतिहारी में एक वाचनालय, कॉमन रूम, आतंरिक सड़क और ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण करने के साथ ही कई अन्य उपकरण और फायर अलार्म की व्यवस्था भी की जाएगी। इस परियोजना को पूरा होने में लगभग 18 महीने का समय लगेगा। परियोजना के पूरा होने से जहाँ एक ओर कॉलेज की आधारभूत संरचना का विकास होगा वहीं दूसरी ओर इससे मुंशी सिंह कॉलेज के विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों के साथ ही आस-पास के 10 गाँवों के लगभग 10 हजार छात्र व शिक्षक लाभान्वित होंगे।