Advertisement

तेपरी-पिलखी पथ: अत्यंत जर्जर गड्ढेयुक्त सड़क पर जलजमाव,जानलेवा सफर मजबूरी

-अत्यंत जर्जर गड्ढेयुक्त सड़क पर जलजमाव,जानलेवा सफर मजबूरी

मुजफ्फरपुर/बन्दरा। दीपक कुमार तिवारी।

प्रखंड क्षेत्र के तेपरी,रतवारा, रामपुरदयाल,पियर,पीरापुर होते हुए पिलखी पुल तक जाने वाली मुख्य सड़क तकरीबन 10 किलोमीटर में अत्यंत जर्जर है।जिसके कारण से वाहनों का परिचालन काफी मुश्किल हो रहा है।बरसात से जर्जर सड़क पर जल जमाव आदि की वजहों से गाड़ियों का परिचालन खतरनाक बना हुआ है। लिहाजा छोटी बड़ी घटना- दुर्घटनाएं होती रहती है। लोगों का बताना है कि सड़क निर्माण के समय ही घटिया गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए गए थे, तब इस पर अधिकारियों के द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा सकी। लिहाजा कुछ सालों बाद यह सड़क टूटती बिखरती चली गई। वर्तमान में इस अंतरजिला एवं अंतर प्रखण्ड क्षेत्र को जोड़ने वाली इस मुख्य सड़क के दोहरीकरण तथा अविलंब निर्माण की मांग लगातार की जा रही है, बावजूद इस मामले में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के द्वारा इसे गंभीरता से नहीं लिए जाने से लोगों में नाराज है।तेपरी में रघुवीर ठाकुर, विकास चौधरी, राहुल कुमार,सोनू कुमार,सतीश कुमार, अनिल कुमार, सुरेश चौधरी, राजा कुशवाहा आदि ग्रामीणों ने बताया कि सबसे ज्यादा विकट स्थिति टेपरी-महेशपुर में है। इसके बाद पीयर चौक पर अक्सर झील बना रहता है। इसके अलावा रास्ते में जगह-जगह सड़क की अत्यंत जर्जर हालत है।

यदि रात के समय में इस रास्ते में राहगीर फंस जाए तो उसे सुरक्षित घर पहुंचना मुश्किल होता है। पैदल और साइकिल सवारों को तो चलना मुश्किल है। बाइक सवार अक्सर घटना-दुर्घटना के शिकार होते रहते हैं। इलेक्ट्रिक रिक्शा,ऑटो और कार आदि छोटी गाड़ियां अक्सर जल जमावयुक्त गड्ढे में फंसती रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मामले की शिकायत स्थानीय राजद विधायक,बीजेपी सांसद, जिले के प्रभारी मंत्री आदि से भी कई बार की गई,लेकिन किसी ने इस पर अबतक गंभीरता से पहल नहीं की है।कोई कारवाई नहीं की गयी है।