-राज्य के 10 हजार स्कूलों में कंप्यूटर लैब स्थापित करने की योजना,सभी डीएम से मांगी गई रिपोर्ट
पटना।सम्वाददाता।
राज्य के दस हजार सरकारी मध्य विद्यालयों में कंप्यूटर लैब स्थापित करने के लिए कार्ययोजना यथाशीघ्र प्रभावी होगी। कक्षा छह से आठ तक के छात्र-छात्राओं को इस लैब की सुविधा मिलेगी। शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव केके पाठक ने चयनित स्कूलों में कंप्यूटर लैब स्थापित करने हेतु जिलाधिकारियों एवं उप विकास आयुक्तों को निर्देश दिया है।
कहा गया है कि एक सप्ताह के अंदर जिन स्कूलों में कंप्यूटर लैब स्थापित किए जाने हैं, वहां बिजली व्यवस्था की अद्यतन स्थिति की जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराएं।
शिक्षा विभाग के मुताबिक राज्य के सरकारी विद्यालयों में कक्षा छह और इससे ऊपर यानी दसवीं तक के शत-प्रतिशत छात्र-छात्राओं को कंप्यूटर शिक्षा एवं प्रशिक्षण से जोड़ने पर भी काम किया जा रहा है। इससे करीब 75 लाख विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। इसके लिए सरकार ने मौजूदा बजट में प्रविधान कर रखा है।

वर्तमान में सिर्फ उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कंप्यूटर शिक्षा की व्यवस्था है। शिक्षा विभाग की योजना ऑनलाइन शिक्षा की पहुंच अब सिर्फ शहरी या इंटरनेट की उपलब्धता वाले कस्बाई क्षेत्रों तक ही सीमित नहीं रखना है, इसकी पहुंच अब सभी दूरदराज क्षेत्रों तक पहुंचाने की है।
शिक्षा विभाग छठी से बारहवींं कक्षा तक के लिए कंप्यूटर अध्ययन सामग्री तैयार कराने में विशेषज्ञों की मदद ले रहा है। प्रत्येक क्लास के पाठ्यक्रम के आधार वीडियो तैयार किए जाएंगे। इसके साथ ही हर दिन लाइव कक्षाएं भी आयोजित की जाएगी।










