चंपारण की खबर::
– झरोखर में उत्पाद टीम पर हमला व होमगार्ड की हत्या मामले में मुखिया पति समेत आठ नामजद
– एक आरोपित को पुलिस ने किया गिरफ्तार, एक सौ अज्ञात पर भी एफआईआर
मोतिहारी / राजन द्विवेदी ।
बिहार में शराब माफिया का दुस्साहस बढ़ता ही जा रहा है। इसी क्रम में पूर्वी चंपारण जिले में पुलिस एवं उत्पाद टीम के उपर दो हमले के मामले हो गए हैं। पहली घटना पीपरा कोठी थाना क्षेत्र में हुई ही थी कि दूसरी घटना घोड़ासहन प्रखंड के झरोखर थाना क्षेत्र स्थित बम बाजार में हुई। जहां एक होमगार्ड जवान आक्रोशित लोगों की भीड़ के हत्थे चढ़ कर अपनी जान गंवा दी। वहीं उत्पाद टीम भाग कर जान बचा लिया। इस मामले में एसपी के निर्देश पर पुलिस ने एक मुखिया पति समेत आठ लोगों को नामजद करते हुए सौ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया है। बता दें कि झरोखर थाना क्षेत्र में उत्पाद विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने कल हमला कर दिया। टीम को गांव वालों ने खदेड़-खदेड़ कर पीटा। जिसमें एक होमगार्ड जवान की मौत हो गई। दरअसल उत्पाद पुलिस झरोखर थाना से महज 500 मीटर की दूरी पर शराब पीने वालों की जांच कर रही थी। ब्रेथ एनालाइजर जांच में शराब पीने की पुष्टि होने पर एक युवक पकड़ा गया। जिसके बाद उसे उत्पाद टीम के द्वारा जबरन वाहन में चढ़ाने लगे तभी उक्त युवक शोर मचाने लगा। उसके शोर मचाने पर वहां आक्रोशित ग्रामीण जुट गए और उत्पाद टीम पर हमला बोल दिया।

जानकारी के अनुसार उत्पाद विभाग की टीम झरोखर पुल के पास ब्रेथ एनालाइजर से जांच कर रही थी। जिस टीम में दो एएसआई और छह की संख्या में होम गार्ड के जवान थे। उत्पाद पुलिस के जान बचाकर भागने के दौरान 55 वर्षीय होमगार्ड जवान हृदय नारायण राय भीड़ के हत्थे चढ़ गया। ग्रामीणों की पिटाई से होमगार्ड जवान हृदय नारायण राय की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद उत्पाद अधीक्षक सहित घोड़ासहन, झरोखर, जितना थाना सहित कई थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। रात भर चली छापेमारी में एक आरोपित युवक को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने मृतक होमगार्ड जवान हृदय नारायण राय के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने रात में ही मृत जवान के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी। सूचना मिलने के बाद जवान के घर में कोहराम मच गया। जिसके बाद परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। झरोखर थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि उत्पाद विभाग की टीम जांच करने आई है, इस बात की सूचना पुलिस को नहीं दी गई थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घटना में एक होम गार्ड जवान की मौत हुई है।
















