Advertisement

BDO के स्थानांतरण के मुद्दे पर बन्दरा में अचानक गर्माहट,पूर्व विधायक के खिलाफ प्रखण्ड मुखिया संघ ने मोर्चा खोला

-बीडीओ के स्थानांतरण के मुद्दे पर बन्दरा में गर्माहट,पूर्व विधायक के खिलाफ प्रखण्ड मुखिया संघ ने मोर्चा खोला

दीपक कुमार तिवारी। मुजफ्फरपुर।

जिले के बन्दरा प्रखंड में वर्तमान बीडीओ प्रशांत कुमार के स्थानांतरण के मुद्दे को लेकर पूर्व विधायक महेश्वर प्रसाद यादव के खिलाफ प्रखंड मुखिया संघ ने अघोषित रूप से मोर्चा खोल दिया है। लिहाजा बंदरा प्रखंड क्षेत्र की राजनीतिक में अचानक गर्माहट आ गई है। दरअसल प्रखंड के मुखिया संघ का आरोप कि पूर्व विधायक महेश्वर प्रसाद यादव के द्वारा बन्दरा के वर्तमान बीडीओ प्रशांत कुमार के स्थानांतरण की मांग ग्रामीण विकास मंत्री से मिलकर पिछले दिनों की गई है। उन्होंने बीडीओ की कार्यशैली पर नाराजगी जताई है तथा अविलंब स्थानांतरण का अनुरोध किया है। कार्यवाई नहीं होने पर पार्टी से इस्तीफा देने तक कि बात भी कही है। इस बात की जानकारी मिलने के बाद प्रखण्ड के मुखियों ने पिछले दिनों एक आवश्यक बैठक बुलाई तथा सर्व सम्मत आवेदन लिखा गया। जिसमें ग्रामीण विकास मंत्री को आवेदन देकर वर्तमान बीडीओ का स्थानांतरण रोकने की मांग की है। इस संदर्भ में रविवार को मुखियों ने बताया कि यदि इस पत्र पर कार्यवाई नहीं हुई तो वे लोग सभी मुखिया एवं अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ पटना मंत्री कार्यालय पहुंचेंगे तथा बीडीओ का स्थानांतरण नहीं करने की मांग को गंभीरता से रखेंगे। जरूरत के अनुसार धरना-प्रदर्शन भी किया जाएगा। दीपक चौधरी, गुड्डू कुमार, निर्मला देवी,ब्रजेश कुमार आदि मुखियों ने पूर्व विधायक पर जातिवाद करने एवं पदाधिकारी पर अनावश्यक दबाव बनाने का आरोप लगाया है।

मुखियों ने लिखा मंत्री को आवेदन,बीडीओ का स्थानांतरण नहीं करने की मांग:

प्रखंड मुखिया संघ के लेटर पैड पर ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री को लिखे गए आवेदन पत्र में बन्दरा प्रखंड अंतर्गत वर्तमान में पदस्थापित प्रखंड विकास पदाधिकारी का स्थानांतरण नहीं करने की मांग की गई है। संदर्भित पत्र में लिखा गया है कि मुजफ्फरपुर जिला अंतर्गत बन्दरा प्रखंड है।यहां वर्तमान में पदस्थापित प्रखंड विकास पदाधिकारी बहुत ही अच्छे हैं। कार्यों के प्रति हमेशा तत्पर रहते हैं एवं जनता में परस्पर रूबरू होकर उनकी समस्याओं को सुनकर उचित निराकरण करने के लिए प्रयासरत रहते हैं। इनके अब तक के कार्यकाल में प्रखंड अंतर्गत क्षेत्रों में विकास का कार्य सुदृढ़ रूप से पूर्ण हुआ है एवं वर्तमान में विकास का कार्य सुचारू रूप से चल रहा है। इनका बन्दरा प्रखंड में मात्र 2 वर्षों का कार्यकाल ही पूर्ण हुआ है। अब तक का कार्यकाल बहुत ही कुशलता पूर्वक एवं सराहनीय रहा है।प्रखंड अंतर्गत कुल 12 पंचायतों में सुचारू रूप से विकास का कार्य निरंतर चलते रहने के लिए इनका प्रखंड में रहना अति आवश्यक है।

इस संदर्भ में वर्तमान पदस्थापित प्रखंड विकास पदाधिकारी को इसी प्रखंड में पदस्थापित रखने की मांग की गई है। प्रखंड मुखिया संघ के अध्यक्ष गुड्डू कुमार के नेतृत्व में दिए गए आवेदन पर दीपक कुमार चौधरी, मोहम्मद अब्दुल सत्तार अंसारी, रिंकू देवी, पवन कुमार, रेखा देवी, रविंद्र सहनी, रंगीला देवी, हरिश्चंद्र राम, निर्मला देवी, ब्रजेश कुमार सहित सभी प्रखंड के सभी 12 मुखियों के हस्ताक्षर एवं मोहर शामिल हैं।

पूर्व विधायक प्रतिनिधि बोले:

वही इस संदर्भ में पूर्व विधायक महेश्वर प्रसाद यादव के प्रतिनिधि जदयू जिला महासचिव जय प्रकाश यादव ने रविवार को इस मामले को मनगढ़ंत बताया है। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक महेश्वर प्रसाद यादव के द्वारा बीडीओ के स्थानांतरण की कोई मांग नहीं की गई है। पिछले 15 दिन पहले पूर्व विधायक पुत्र एवं युवा जदयू नेता प्रभात किरण के द्वारा एक कार्यक्रम के दौरान बीडीओ की कार्यशैली पर एतराज जताया गया था तथा गंभीरता से ध्यान देने की मांग की गई थी, लेकिन मामले में लिखित शिकायत या प्रतिरोध नहीं जताया गया है। यह गलत आरोप लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व विधायक साहसी पुरुष हैं।सामने से विरोध करता है।छुपकर नहीं।