Advertisement

Breaking: अब सकरी आंगनबाड़ी भवन निर्माण में खानापूर्ति का आया मामला,वार्ड सदस्यों ने डीएम से की शिकायत

-अब आंगनबाड़ी भवन निर्माण में खानापूर्ति का आया मामला,वार्ड सदस्यों ने डीएम से की शिकायत

दीपक। बंदरा।

प्रखंड के मुन्नी-बैंगरी पंचायत के सकरी मन एपीएचसी परिसर में स्थित आंगनबाड़ी केंद्र की मरम्मती के नाम पर मुखिया और पंचायत सचिव की मिलीभगत से लाखों रुपए की खानापूर्ति करने और लूट-खसोट करने से संबंधित शिकायत जिलाधिकारी को आवेदन देकर की गई है। इस संबंध में पंचायत के उप मुखिया शिवनाथ कुमार सहनी के नेतृत्व में पंचायत के वार्ड विभिन्न वार्डों के वार्ड सदस्यों ने जिलाधिकारी, उप विकास आयुक्त, प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा विधान पार्षद को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। दिए गए आवेदन में कहा गया है कि मुन्नी बैंगरी पंचायत के वार्ड संख्या 9 में आंगनवाड़ी केंद्र के मरम्मती का कार्य पंचायत के द्वारा कराया गया था। जिसमें योजना का सही अनुपालन नहीं करते हुए मुखिया और पंचायत सचिव के मिलीभगत से मनमाने ढंग से काम किया गया है। इस योजना में नया चापाकल गरवाने की जगह पुराने पाइप में ही नया हेड लगा दिया गया है। आंगनवाड़ी भवन का पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त खिड़की एवं किवाड़ बदलने की जगह उसे सिर्फ पेंट कराकर छोड़ दिया गया है। बालू,सीमेंट,गिट्टी भी उचित मात्रा में नहीं दिया गया है। इस प्रकार से पंचायत और प्रखंड स्तरीय कर्मचारी की मिलीभगत से सरकारी राशि का दुरुपयोग किया गया है।

दिए गए आवेदन में आंगनवाड़ी केंद्र जांच जिला स्तरीय पदाधिकारी से कराने की मांग की गई है ताकि पंचायत में सरकारी राशि का लूट-खसोट बंद हो सके और राशि का समुचित उपयोग हो सके। दिए गए आवेदन पर वार्ड सदस्य रंजीत सहनी, जितेंद्र सहनी,सुशीला देवी, गिरिजा देवी, सीमा देवी, मिथिलेश देवी, मोहम्मद नाजिम, सकल कुमार पासवान के हस्ताक्षर एवं मोहर शामिल हैं। वहीं इस संदर्भ में मुन्नी-बैंगरी पंचायत के मुखिया दीपक चौधरी ने बताया कि क्षेत्र विकास कार्यों को अवरुद्ध करने तथा उनकी छवि को बदनाम करने के लिए ग्रामीण राजनीति के कारण मनगढ़ंत आरोप लगाया गया है। विपक्षी के द्वारा योजनाओं में कमीशन की मांग की जा रही है। वे किसी भी जांच को तैयार हैं, प्राक्कलन के अनुसार हीं कार्य कराए गए हैं।