– बैंक लूट की घटना को गार्ड एवं बैंक कर्मियों ने किया असफल,एक बदमाश को दबोचा
समस्तीपुर(बिहार)।नवीन कुमार वर्मा।
समस्तीपुर में बैंक कर्मी एवं गार्ड ने एक बार फिर से बैंक लूट के प्रयास को विफल कर दिया है। इस दौरान लुटेरे को भी हथियार के साथ पकड़ लिया गया है।लूटेरा मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया जा रहा है, जिसकी पहचान मुजफ्फरपुर जिले के बरुराज थाना क्षेत्र के आर्यन के रूप में की गई है। घटना के संबंध में बताया गया कि आर्यन ने एक दिन पहले रेकी की थी और बुधवार की सुबह वह मुजफ्फरपुर से ट्रेन पकड़कर समस्तीपुर आया था।इसके बाद उसने समस्तीपुर बाजार स्थित किसी दुकान से चाकू की खरीद की और बैंक लूटने के इरादे से समस्तीपुर मारवाड़ी बाजार स्थित एसबीआई ब्रांच में घुस गया।जहां उसने चाकू का धौंस दिखाते हुए बैंक कर्मी से रुपए की मांग की और आनाकानी करने पर उसने एक महिला समेत दो बैंक कर्मी को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल भी कर दिया।इसी दौरान बैंक मैनेजर ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी।सूचना मिलते ही नगर थानाध्यक्ष दलबल के साथ बैंक पर पहुंचे और लुटेरे को अपने कब्जे में लिया।

पुलिस ने उसके पास एक तेज धारदार हथियार चाकू और एक बैग बरामद किया है।पुलिस उसे गिरफ्तार कर अपने साथ थाने ले गयी। जहां उससे पूछताछ की जा रही है। घटना की सूचना मिलते हीं समस्तीपुर एसपी विनय तिवारी,मुख्यालय डीएसपी अमित कुमार सिंह,डीआईयू इंस्पेक्टर विक्रम आचार्य बड़ी संख्या में पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। घायल बैंक कर्मी का इलाज चिकित्सक द्वारा किया जा रहा है। घटना को लेकर समस्तीपुर एसपी ने कहा कि बैंक को चार घंटे के लिए सील किया गया है।एफएसएल की टीम को बुलाया जा रहा है और एफएसएल जांच में किसी अन्य सहयोगी के बारे में कोई सुराग पुलिस को हाथ लगती है तो उसके ऊपर भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही तत्क्षण घटनास्थल पर पहुंचकर लूट की बड़ी वारदात को विफल करने और लुटेरे को गिरफ्तार करने वाले नगर थानाध्यक्ष चंद्रकांत गोरी को पांच हजार रुपए नकद देकर पुरस्कृत किया जाएगा। वहीं बिहार पुलिस मुख्यालय के द्वारा पुरस्कृत किए जाने को लेकर भी उनके नाम का अनुशंसा पत्र बिहार पुलिस मुख्यालय भेजा जाएगा।
















