-बैंगरी विवाद में दोनों पक्ष ने दर्ज कराई प्राथमिकी
बंदरा। दीपक।
हत्था ओपी के बैंगरी में भूमि विवाद को लेकर हुए जानलेवा हमला कांड में घटना के दूसरे दिन रविवार की शाम दोनों पक्षों के तरफ से प्राथमिकी दर्ज कराई गई। हत्था ओपी के अध्यक्ष संतोष कुमार ने देर रात बताया कि बैंगरी के मोहम्मद नजरे आलम के तरफ से दर्ज कराई गई प्राथमिकी में जमीनी विवाद को लेकर घर पर हमला करने, तोड़फोड़,हथियारों से लैस हमलावरों द्वारा मारपीट एवं जानलेवा हमला करने आदि के आरोप लगाया गया है। इस मामले में पटसारा के मोहम्मद सज्जाद सहित 15 नामजद तथा अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है। वहीं दूसरे पक्ष से पटसारा गांव की चांदनी परवीन के द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

जिसमें बन्दरा से आने के दौरान बैंगरी में रोककर जमीनी विवाद को लेकर हमला करने, मारपीट आदि के आरोप लगाए गए हैं। इस मामले में बैंगरी के नजरे आलम सहित 10 नामजद तथा अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।हत्था ओपी अध्यक्ष ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। दोनों पक्ष के घायलों का अलग-अलग पूसा तथा मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना को लेकर दोनों पक्षों में तनाव का माहौल व्याप्त है। पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
















