Advertisement

80वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में जुटा प्रशासन, भव्य समारोह के लिए डीएम ने दिए निर्देश

-80वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों में जुटा प्रशासन, भव्य समारोह के लिए डीएम ने दिए निर्देश

मुजफ्फरपुर। 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी कुमार गौरव की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य राजकीय समारोह को ऐतिहासिक पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, सिकंदरपुर में गरिमापूर्ण एवं भव्य तरीके से आयोजित करने की रूपरेखा पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने सभी विभागों को समयबद्ध और त्रुटिरहित तैयारियां सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह प्रशासन का महत्वपूर्ण एवं प्रोटोकॉल आधारित आयोजन है। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने संभावित मौसम को देखते हुए वैकल्पिक व्यवस्था, नियमित पूर्वाभ्यास तथा सुरक्षा मानकों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी जिले के सभी महादलित बहुल टोलों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इन स्थानों पर समुदाय के सबसे वरिष्ठ व्यक्ति द्वारा झंडोत्तोलन किया जाएगा तथा कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए जिला स्तर से पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।


सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में छह सदस्यीय समिति तथा शिक्षा, खेल, यात्री सुरक्षा, परेड सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों के चयन के लिए तीन सदस्यीय पुरस्कार चयन समिति गठित करने का निर्देश दिया गया। मुख्य समारोह का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।
बैठक में भवन प्रमंडल को रंग-रोगन एवं आधारभूत सुविधाएं दुरुस्त करने, नगर निगम को व्यापक सफाई एवं जलनिकासी, विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति और हाईमास्ट लाइटों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने, सिविल सर्जन को चिकित्सकीय दल एवं एंबुलेंस की व्यवस्था करने, अग्निशमन विभाग को आपातकालीन तैयारी रखने तथा यातायात पुलिस को सुचारु ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
परेड की तैयारियों के तहत संयुक्त पूर्वाभ्यास 6 से 9 अगस्त तक होगा, जबकि अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल 13 अगस्त को सुबह 9 बजे पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, सिकंदरपुर में आयोजित की जाएगी।
जिलाधिकारी कुमार गौरव ने कहा कि उत्कृष्ट भीड़ प्रबंधन, सुदृढ़ विधि-व्यवस्था और सुचारु यातायात प्रबंधन प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी पदाधिकारी पूरी सजगता, तत्परता और प्रतिबद्धता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें। उन्होंने जिलेवासियों से भी 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की।
बैठक में नगर आयुक्त, नगर पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, परीक्ष्यमान आईएएस, अनुमंडल पदाधिकारी (पूर्वी एवं पश्चिमी), पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।