-8 वर्षों से जलजमाव की समस्या पर फिर गरमाई राजनीति, MSU ने प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी
मुजफ्फरपुर। मिथिला स्टूडेंट यूनियन (MSU) ने अटहर दक्षिणी पंचायत में पिछले आठ वर्षों से बनी जलजमाव की समस्या के समाधान में हो रही देरी पर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह दोबारा उग्र आंदोलन करेगा।
MSU द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि 15 जुलाई को जलजमाव की गंभीर समस्या को लेकर संगठन के नेतृत्व में जोरदार आंदोलन किया गया था। आंदोलन के बाद अंचलाधिकारी (सीओ) और प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) के साथ सकारात्मक वार्ता हुई थी। प्रशासन ने 2 से 3 दिनों के भीतर जलनिकासी की दिशा में अस्थायी समाधान का आश्वासन दिया था।

संगठन का आरोप है कि वार्ता के सात दिन बाद भी प्रशासन की ओर से कोई ठोस या सकारात्मक पहल नहीं की गई है। इससे यह प्रतीत होता है कि प्रशासन अपने आश्वासनों को लेकर गंभीर नहीं है और स्थानीय लोगों की समस्याओं के प्रति उदासीन बना हुआ है।
MSU के नेता कृष्ण मोहन झा और प्रखंड प्रभारी राकेश कुमार मंडल ने संयुक्त बयान में कहा कि यदि अविलंब जलजमाव की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो संगठन पुनः व्यापक और उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
संगठन ने प्रशासन से जल्द से जल्द आवश्यक कार्रवाई कर अटहर दक्षिणी पंचायत के लोगों को जलजमाव की समस्या से राहत दिलाने की मांग की है।












