-70वीं बीपीएससी में बीडीओ पद पर चयनित हुए विवेक कुमार का हुआ सम्मान, ग्रामीणों ने दी शुभकामनाएं
राजापाकर। प्रखंड क्षेत्र के हसनपुर बखरी गांव निवासी विवेक कुमार के 70वीं बीपीएससी परीक्षा के माध्यम से प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) पद पर चयनित होने पर गुरुवार को उनके पैतृक आवास पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उन्हें अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ, कलम तथा महात्मा ज्योतिबा फुले की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। साथ ही मिठाई खिलाकर उनकी सफलता का जश्न मनाया गया।

सम्मान समारोह में समाजसेवी अजय मालाकार, पूर्व सैनिक हरेंद्र ठाकुर, लोजपा नेता दरोगा पासवान, उपमुखिया अनिल राय, शिक्षक सुजीत कुशवाहा, वार्ड सदस्य अर्जुन पासवान समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने विवेक कुमार की सफलता को उनके संघर्ष, कड़ी मेहनत, लगन और माता-पिता व गुरुजनों के आशीर्वाद का परिणाम बताते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और पूरे परिवार, समाज तथा प्रखंड के लिए गर्व का विषय है।
वक्ताओं ने विवेक कुमार के उज्ज्वल भविष्य और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए कहा कि ग्रामीण परिवेश से निकलकर प्रशासनिक सेवा में पहुंचना अन्य युवाओं के लिए भी एक सकारात्मक संदेश है।
बताया गया कि विवेक कुमार के पिता विनोद प्रसाद सिंह गांव में ग्रामीण चिकित्सक हैं। पहले वे एक छोटी गुमटीनुमा दवा दुकान भी चलाते थे। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने बचपन से ही अपने बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया और उन्हें हमेशा आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। विवेक कुमार के बड़े भाई भी वर्तमान में यूपीएससी की तैयारी कर रहे हैं। परिवार की शिक्षा के प्रति इसी समर्पित सोच का परिणाम आज विवेक कुमार की इस उल्लेखनीय सफलता के रूप में सामने आया है।












