Advertisement

7 सितंबर को पताही एयरपोर्ट के शिलान्यास की तैयारी तेज, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था का अधिकारियों ने लिया जायजा

-7 सितंबर को पताही एयरपोर्ट के शिलान्यास की तैयारी तेज, सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था का अधिकारियों ने लिया जायजा

मुजफ्फरपुर। पताही एयरपोर्ट के बहुप्रतीक्षित शिलान्यास समारोह को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। आगामी 7 सितंबर को मुख्यमंत्री के संभावित आगमन और शिलान्यास कार्यक्रम के मद्देनजर अधिकारियों ने मंगलवार को स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। मड़वन सीओ पुष्कल कुमार, सदर इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार, करजा थानाध्यक्ष सह इंस्पेक्टर राम एकबाल प्रसाद और एयरपोर्ट अथॉरिटी के डीजीएम सुनील कुमार समेत कई अधिकारियों ने संयुक्त रूप से एयरपोर्ट परिसर, मुख्य द्वार और आसपास के इलाकों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वीआईपी आवागमन, आम लोगों की भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था की रूपरेखा तैयार की। कार्यक्रम स्थल के आसपास बैरिकेडिंग, सुरक्षा बलों की तैनाती और पार्किंग की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
अधिकारियों ने एनएच-702 रेवा रोड, पकड़ी पकोहीं न्यू फोरलेन-77 ओवरब्रिज, बिहारी मार्केट और बहोरा सहित कई प्रमुख चौक-चौराहों का भी निरीक्षण किया। इन स्थानों पर जरूरत के अनुसार बैरियर लगाने और पुलिस बल की तैनाती की योजना बनाई गई है।


मुजफ्फरपुर से रेवा जाने वाली सड़क-702 पर बने टर्निंग प्वाइंट और न्यू बाईपास से शहर की ओर आने वाली सर्विस रोड पर यातायात को सुचारू रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। कार्यक्रम में आने वाले वाहनों के ठहराव के लिए बड़े बस पार्किंग स्थल भी चिह्नित किए गए हैं।
मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जीविका दीदियों के शामिल होने की तैयारी है। इसके अलावा उत्तर बिहार के आधा दर्जन से अधिक जिलों से आम लोगों और जनप्रतिनिधियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम को लेकर एयरपोर्ट परिसर में विशाल वाटरप्रूफ पंडाल, मंच और बैरिकेडिंग का निर्माण कराया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चाक-चौबंद इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के लगातार निरीक्षण से साफ है कि संभावित शिलान्यास समारोह को लेकर तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं।