Advertisement

करंट लगने से 55 वर्षीय बिल्डिंग कारीगर की मौत, पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों और पुलिस में नोकझोंक

-करंट लगने से 55 वर्षीय बिल्डिंग कारीगर की मौत, पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों और पुलिस में नोकझोंक

मुजफ्फरपुर। जिले के बोचहा थाना क्षेत्र के शरफुद्दीनपुर में मंगलवार की शाम करंट लगने से 55 वर्षीय बिल्डिंग कारीगर महिंद्र ठाकुर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों और पुलिस के बीच शव के पोस्टमार्टम को लेकर कुछ देर तक नोकझोंक भी हुई।
मृतक महिंद्र ठाकुर गायघाट थाना क्षेत्र के बखरी गांव के निवासी थे। वे शरफुद्दीनपुर मिडिल स्कूल के समीप निर्माणाधीन भवन में बिल्डिंग कारीगर के रूप में काम कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब पांच बजे निर्माण कार्य के दौरान महिंद्र ठाकुर बिजली का तार जोड़ रहे थे। हाल की बारिश के कारण जमीन पर पानी जमा था और एक नंगा बिजली का तार पानी के संपर्क में था।

तार जोड़ते समय अचानक उन्हें तेज करंट लग गया, जिससे वे मौके पर ही गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद बोचहा थाना पुलिस और एम्बुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया के दौरान पुलिस और परिजनों के बीच कुछ देर तक बहस और नोकझोंक हुई।
परिजनों का कहना था कि उन्हें किसी प्रकार के मुआवजे की आवश्यकता नहीं है और शव का पोस्टमार्टम कराए बिना उन्हें सौंप दिया जाए। वहीं पुलिस कानूनी प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम कराने पर अड़ी रही। बाद में परिजन शव को अपने साथ लेकर गायघाट थाना क्षेत्र स्थित बखरी गांव चले गए।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।