Advertisement

3822 करोड़ की NH-139W परियोजना का काम तेज, दो साल में बनेगा साहेबगंज-अरेराज-बेतिया फोरलेन

-3822 करोड़ की NH-139W परियोजना का काम तेज, दो साल में बनेगा साहेबगंज-अरेराज-बेतिया फोरलेन

मोतिहारी, राजन द्विवेदी। साहेबगंज से अरेराज होते हुए बेतिया तक बनने वाली 78.942 किलोमीटर लंबी NH-139W फोरलेन सड़क परियोजना के निर्माण कार्य में तेजी आई है। गुरुवार को समाहरणालय के राधेन्द्र प्रसाद सभागार में जिलाधिकारी ने परियोजना की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान संबंधित विभागों एवं एनएचएआई के अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा आपसी समन्वय के साथ लंबित कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया गया।
परियोजना के तहत साहेबगंज से अरेराज तक 38.36 किलोमीटर और अरेराज से बेतिया तक 40.58 किलोमीटर सड़क का निर्माण होना है। एजेंसी के साथ 7 अप्रैल 2026 को एग्रीमेंट हो चुका है। करीब 3822 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को अगले दो वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।


एनएचएआई के प्रोजेक्ट इंजीनियर ने बताया कि निर्माण कार्य के लिए तीन कैंप बनाए जा रहे हैं। इनमें दो पूर्वी चंपारण और एक पश्चिमी चंपारण में होगा। परियोजना में एक मेजर ब्रिज और 22 माइनर ब्रिज का निर्माण प्रस्तावित है। तिरहुत नहर पर करीब 250 मीटर लंबा मेजर ब्रिज बनाया जाएगा।
सड़क परियोजना से पूर्वी चंपारण के केसरिया, संग्रामपुर, हरसिद्धि, अरेराज और पहाड़पुर अंचल के 45 राजस्व गांव प्रभावित होंगे। इनमें केसरिया के 18, संग्रामपुर के 10, हरसिद्धि के छह, पहाड़पुर के सात और अरेराज के चार गांव शामिल हैं। परियोजना के लिए कुल 2778 खेसरा और करीब 5500 रैयत प्रभावित हो रहे हैं।
अब तक 36 मौजा में 49.02 किलोमीटर जमीन का दखल-कब्जा एनएचएआई को सौंपा जा चुका है। 697 रैयतों को 77.41 करोड़ रुपये का भुगतान भी किया जा चुका है। भू-अर्जन कार्यालय को 1238 अभिलेख प्राप्त हुए हैं, जिनमें 506 में त्रुटियां पाई गई हैं।
अभिलेखों में त्रुटि को लेकर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने निर्देश दिया कि फाइलों को वापस अंचल कार्यालय भेजने के बजाय संबंधित अंचलाधिकारी को बुलाकर यहीं त्रुटियों का सुधार कराया जाए। डीएम ने कहा कि यह सरकार की महत्वाकांक्षी परियोजना है और इसकी निगरानी पीएमओ स्तर तक की जा रही है। ऐसे में सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर परियोजना के कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करें।