Advertisement

तिरहुत स्नातक-शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों की आयुक्त ने की समीक्षा

-तिरहुत स्नातक-शिक्षक निर्वाचन की तैयारियों की आयुक्त ने की समीक्षा

मुजफ्फरपुर। तिरहुत स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से बिहार विधान परिषद के द्वि-वार्षिक निर्वाचन 2026 को लेकर प्रमंडलीय आयुक्त सह निर्वाची पदाधिकारी गिरिवर दयाल सिंह ने मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, शिवहर एवं वैशाली के जिलाधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और आदर्श आचार संहिता का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
आयुक्त ने कहा कि निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, भयमुक्त, पारदर्शी एवं सहभागितापूर्ण वातावरण में संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में कार्मिकों की उपलब्धता, प्रशिक्षण, मतदान केंद्रों पर मतपेटिकाओं की व्यवस्था, डिस्पैच सेंटर, वाहनों, वीडियोग्राफी, एमसीएमसी तथा आदर्श आचार संहिता से संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की समीक्षा की गई।


उन्होंने बताया कि 29 सितंबर को अधिसूचना जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर, संवीक्षा 7 अक्टूबर और अभ्यर्थिता वापसी की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर है। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।
तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 146 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 58 मतदान केंद्र हैं। सभी 28 विधानसभा क्षेत्रों में तीन-तीन की दर से कुल 84 फ्लाइंग स्क्वायड गठित किए गए हैं। ये दल आचार संहिता उल्लंघन, मतदाताओं को डराने-धमकाने, अवैध नकदी, शराब एवं हथियारों से संबंधित शिकायतों पर कार्रवाई करेंगे।
निर्वाचन संबंधी शिकायतों के लिए प्रमंडलीय नियंत्रण केंद्र का दूरभाष 0621-2213962 तथा जिला स्तर पर टोल फ्री नंबर 1950 जारी किया गया है। आयुक्त ने सोशल मीडिया पर भ्रामक या उत्तेजनापूर्ण सामग्री की निगरानी और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।