Advertisement

-15 लोग थे सवार,बागमती नदी में नाव डूबी;किशोरी लापता

-15 लोग थे सवार,बागमती नदी में नाव डूबी;किशोरी लापता

मुजफ्फरपुर। औराई थाना क्षेत्र में शुक्रवार को बागमती नदी में मवेशियों का चारा लाने जा रही नाव अचानक डूब गई। नाव पर करीब 15 लोग सवार थे। हादसे के बाद 14 लोग किसी तरह नदी से बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि 15 वर्षीय नाबालिग युवती रानी कुमारी के लापता होने की सूचना है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जाता है कि घटना महेशवारा पंचायत के देवरा धर्मपुर गांव के समीप की है।

बागमती बांध के अंदर रहने वाले पशुपालक किसान मवेशियों के लिए चारा लाने के लिए नाव से नदी पार कर रहे थे। इसी दौरान अचानक नाव अनियंत्रित होकर बागमती नदी में पलट गई और देखते ही देखते डूब गई।
नाव के डूबते ही उस पर सवार लोगों के बीच चीख-पुकार मच गई। 14 लोग किसी तरह तैरकर अथवा आसपास मौजूद लोगों की मदद से सुरक्षित नदी से बाहर निकल आए। वहीं रानी कुमारी का कोई पता नहीं चल सका है। उसके लापता होने की सूचना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है। स्थानीय लोग नदी में उसकी तलाश में जुटे हैं। घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई है। अधिकारियों के स्तर से लापता किशोरी की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।