-30 बिजली खंभों से तार काट ले गए चोर, बिजली विभाग को 3 लाख का नुकसान
मुजफ्फरपुर। जिले के बंदरा प्रखंड अंतर्गत मुन्नी बैंगरी पंचायत स्थित मुन्नी चौड़ में अज्ञात चोरों ने सोमवार रात बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने करीब 30 बिजली खंभों से हाई वोल्टेज और लो वोल्टेज के तार काटकर चोरी कर लिए, जिससे बिजली विभाग को लगभग तीन लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, मुन्नी चौड़ क्षेत्र में कृषि कार्यों के लिए बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु तार लगाए गए थे। रात के अंधेरे में चोरों ने सुनियोजित तरीके से खंभों पर लगे बिजली के तार काट लिए। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। तार चोरी होने से स्थानीय किसानों और बिजली आपूर्ति व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ा है।

मामले को लेकर बंदरा विद्युत आपूर्ति क्षेत्र के कनीय विद्युत अभियंता अभिषेक रंजन ने हत्था थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में चोरी से हुए नुकसान का उल्लेख करते हुए कार्रवाई की मांग की गई है।
वहीं, हत्था थानाध्यक्ष लोकेश कुमार चौधरी ने बताया कि बिजली विभाग की ओर से प्राप्त आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
लगातार बढ़ रही तार चोरी की घटनाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली व्यवस्था की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर दोषियों की गिरफ्तारी और बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।











